एसबीआई के डीजीएम सौम्य रंजन साहू पहुंचे बीकानेर जिला उद्योग संघ, श्रमिक हित की योजनाओं पर हुई चर्चा
Bikaner News Business

एसबीआई के डीजीएम सौम्य रंजन साहू पहुंचे बीकानेर जिला उद्योग संघ, श्रमिक हित की योजनाओं पर हुई चर्चा

Aug 3, 2026

 

बीकानेर. स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के डीजीएम सौम्य रंजन साहू मंगलवार को बीकानेर जिला उद्योग संघ कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया के साथ श्रमिकों, लघु उद्यमियों और आम खाताधारकों के लिए बैंक की विभिन्न योजनाओं एवं बैंकिंग सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

 

 

डीजीएम साहू ने बताया कि एसबीआई की निजी दुर्घटना बीमा योजना के तहत इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों को प्रतिवर्ष 3,000 रुपये के प्रीमियम पर दुर्घटना में मृत्यु होने की स्थिति में 60 लाख रुपये तक की बीमा राशि उनके परिवार को प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि छोटे उद्यमियों के लिए मुद्रा ऋण योजना के तहत 20 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है, जिसमें किसी प्रकार की संपत्ति गिरवी रखने की आवश्यकता नहीं होती।

 

 

 

इस अवसर पर बीकानेर जिला उद्योग संघ की ओर से डीजीएम साहू का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। उन्होंने संघ परिसर में स्थित लगभग 500 वर्षों के इतिहास को समेटे आर्ट गैलरी का भी अवलोकन किया।

 

 

 

साहू ने कहा कि आर्ट गैलरी में बीकानेर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक एवं पर्यटन धरोहरों के साथ-साथ शहर के उद्योग, पुराने और नए स्वरूप, मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और चर्च सहित विभिन्न विरासतों को एक ही छत के नीचे आकर्षक रूप से प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए इसे ‘मिनी पर्यटन केंद्र’ की संज्ञा दी।

 

 

 

उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने बताया कि आर्ट गैलरी का उद्देश्य बच्चों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनके मानसिक एवं सांस्कृतिक विकास को भी बढ़ावा देना है। यहां पुराने समय के खेल, संस्कार, रीति-रिवाज तथा बीकानेर के प्रमुख उद्योगों की जानकारी दी गई है, ताकि नई पीढ़ी अपनी विरासत और स्थानीय उद्योगों से परिचित होकर भविष्य के लिए प्रेरणा ले सके।

 

 

 

कार्यक्रम में एसबीआई के सहायक महाप्रबंधक धर्मवीर सिंह, संपर्क अधिकारी कर्णपाल सिंह, वाई.के. शर्मा योगी, वीरेंद्र किराडू, किशन मूंधड़ा, मनीष तापड़िया सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।