निकाय-पंचायत चुनाव से पहले BJP ने कसी कमर, बीकानेर के 5 नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी

बीकानेर. राजस्थान में निकाय और पंचायत चुनावों की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए आठ प्रमुख प्रकोष्ठों में प्रदेश पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देशानुसार विधि, व्यावसायिक, आर्थिक, चिकित्सा, पूर्व सैनिक, खेल, विशेष संपर्क और प्रवासी प्रकोष्ठ की प्रदेश स्तरीय टीम घोषित की गई है।
भाजपा की ओर से जारी सूची में अलग-अलग क्षेत्रों और सामाजिक वर्गों से जुड़े नेताओं को संयोजक और सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। इन नियुक्तियों के जरिए पार्टी ने संगठन में पेशेवर और विभिन्न सामाजिक वर्गों की भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया है।
बीकानेर से पांच नेताओं को मिली जिम्मेदारी
भाजपा की प्रदेश स्तरीय नियुक्तियों में बीकानेर से पांच नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। विधि प्रकोष्ठ में सुमन कंवर को सह-संयोजक, व्यावसायिक प्रकोष्ठ में सुनील झंवर को संयोजक, चिकित्सा प्रकोष्ठ में डॉ. सिद्धार्थ असवाल को सह-संयोजक और खेल प्रकोष्ठ में मन्नत अरोड़ा को सह-संयोजक नियुक्त किया गया है। वहीं प्रवासी प्रकोष्ठ में अनिल जोशी को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
निकाय और पंचायत चुनावों से पहले इन प्रकोष्ठों को सक्रिय करना भाजपा की संगठन विस्तार और विभिन्न वर्गों तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों में इन प्रकोष्ठों की भूमिका महत्वपूर्ण रहने की संभावना है।

