बीकानेर में निकाय चुनाव का बिगुल: 6.45 लाख मतदाता चुनेंगे शहरों की सरकार, 9 को छह पालिकाओं और 11 सितंबर को नगर निगम में वोटिंग
Bikaner News

बीकानेर में निकाय चुनाव का बिगुल: 6.45 लाख मतदाता चुनेंगे शहरों की सरकार, 9 को छह पालिकाओं और 11 सितंबर को नगर निगम में वोटिंग

Aug 20, 2026

 

बीकानेर. नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर बीकानेर जिले में चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। जिले में दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण में 9 सितंबर को नोखा, श्रीडूंगरगढ़, देशनोक, नापासर, खाजूवाला और लूणकरणसर नगर पालिकाओं में वोट डाले जाएंगे। दूसरे चरण में 11 सितंबर को बीकानेर नगर निगम के 80 वार्डों के लिए मतदान होगा। जिले में कुल 6 लाख 45 हजार 15 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर शहरों की सरकार चुनेंगे।

 

 

जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन ने बताया कि दोनों चरणों में मतदान सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा। जिले में इसके लिए 656 मतदान केंद्र और 31 सहायक मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

 

 

 

अकेले बीकानेर नगर निगम में 4.82 लाख मतदाता

जिले में सर्वाधिक मतदाता बीकानेर नगर निगम क्षेत्र में हैं। यहां 80 वार्डों में कुल 4 लाख 82 हजार 121 मतदाता मतदान कर सकेंगे। नगर निगम क्षेत्र में 420 मुख्य मतदान केंद्र और 31 सहायक मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

 

 

 

वहीं नोखा नगर पालिका में 49 हजार 91, श्रीडूंगरगढ़ में 43 हजार 488, लूणकरणसर में 24 हजार 531, नापासर में 20 हजार 210, देशनोक में 15 हजार 384 और खाजूवाला नगर पालिका में 10 हजार 190 मतदाता हैं।

 

 

 

छह नगर पालिकाओं में 9 सितंबर को मतदान

पहले चरण में छह नगर पालिकाओं के कुल 190 वार्डों के लिए मतदान होगा। नोखा के 45 वार्डों के लिए 80 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। श्रीडूंगरगढ़ के 40 वार्डों के लिए 51, लूणकरणसर के 35 वार्डों के लिए 35, देशनोक के 25 वार्डों के लिए 25, नापासर के 25 वार्डों के लिए 25 और खाजूवाला के 20 वार्डों के लिए 20 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।

 

 

 

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए अलग-अलग प्रकोष्ठ गठित कर अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना करवाई जाएगी। आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन को रोकने के लिए भी टीमें मुस्तैदी से कार्य करेंगी।

 

 

 

अध्यक्ष का चुनाव 21 और उपाध्यक्ष का 22 सितंबर को

निकायों में अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए 15 सितंबर को लोक सूचना जारी की जाएगी। नामांकन पत्र 16 सितंबर तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी और 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक अभ्यर्थी अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।

 

 

 

अध्यक्ष पद के लिए मतदान 21 सितंबर को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक होगा और मतदान के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी। उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया 22 सितंबर को संपन्न होगी।

 

 

 

इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह रतनू, अतिरिक्त जिला कलेक्टर नगर रीना, उपखंड अधिकारी महिमा कसाना और जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक हरि शंकर आचार्य मौजूद रहे।