डंपर ने बाइक सवार को 100 मीटर तक घसीटा, मौके पर हुई मौत, हाईवे पर जाम लगा
Bikaner News

डंपर ने बाइक सवार को 100 मीटर तक घसीटा, मौके पर हुई मौत, हाईवे पर जाम लगा

Aug 20, 2026
बीकानेर. चुंगी चौक पर गुरुवार दोपहर डंपर और मोटरसाइकिल की भिड़ंत में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा दोपहर करीब डेढ़ बजे हुआ। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इंद्रा कॉलोनी निवासी अब्दुल रहमान मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे डंपर ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मोटरसाइकिल सवार डंपर की चपेट में आ गया और बताया जा रहा है कि डंपर उसे करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया।
हादसा इतना भीषण था कि अब्दुल रहमान के सिर पर गंभीर चोट लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनकी उम्र 50 वर्ष से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
मौत के बाद हाईवे पर उतरे लोग
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से वार्ता की और समझाइश का प्रयास किया।
पुलिस की ओर से हादसे के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। वहीं, दुर्घटना के बाद चुंगी चौक और आसपास के क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा रही।