बीकानेर में फिल्मी स्टाइल में भिड़ीं कैंपर, एक-दूसरे पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश
बीकानेर. शहर के पूगल रोड पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो कैंपर गाड़ियों में सवार युवकों ने कथित तौर पर फिल्मी अंदाज में एक-दूसरे पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। सब्जी मंडी से पहले हुई इस घटना को देखकर आसपास मौजूद लोग भी हक्के-बक्के रह गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक कैंपर के पीछे दूसरी कैंपर तेज रफ्तार से आई और इसके बाद दोनों वाहनों के बीच घटनाक्रम शुरू हो गया
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला युवकों के बीच आपसी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोनों पक्षों ने कैंपर गाड़ियों से एक-दूसरे को टक्कर मारने और गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। अचानक हुए घटनाक्रम से सड़क पर मौजूद वाहन चालकों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। मौके पर मौजूद कैंपर गाड़ियों में से एक को पुलिस मुक्ताप्रसाद नगर थाने ले गई, जबकि दूसरी गाड़ी को नयाशहर थाना पुलिस अपने साथ ले गई। पुलिस ने मौके से एक युवक को भी पकड़ा है।
मौके पर मौजूद लोगों ने दावा किया कि कैंपर गाड़ियों में लोहे के सरिये भी दिखाई दिए। घटनास्थल पर भी एक लोहे का सरिया पड़ा देखा गया। हालांकि हथियारों और घटना के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस दोनों वाहनों और पकड़े गए युवक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

