छात्राओं के साथ बांध में नहाने का वीडियो वायरल, प्रधानाचार्य निलंबित, बीकानेर रहेगा मुख्यालय
Bikaner News

छात्राओं के साथ बांध में नहाने का वीडियो वायरल, प्रधानाचार्य निलंबित, बीकानेर रहेगा मुख्यालय

Aug 23, 2026

बीकानेर. एक सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य का छात्राओं के साथ बांध में नहाते हुए कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल हुआ है। इसके बाद शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने मामले को लोकसेवक की आचरण संहिता और नैतिक मर्यादाओं के विरुद्ध मानते हुए प्रधानाचार्य लालचंद मीना को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर रहेगा।

 

 

माध्यमिक शिक्षा निदेशक ललित कुमार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 22 अगस्त 2026 को विभिन्न सोशल मीडिया चैनलों और समाचार ऐप पर एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में अलवर जिले के थानागाजी ब्लॉक स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पडाक छापली के प्रधानाचार्य लालचंद मीना को राजकीय विद्यालय की छात्राओं के साथ बांध में कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में नहाते हुए दिखाया गया है।

 

 

 

विभाग ने प्रथम दृष्टया प्रधानाचार्य के इस कृत्य को नैतिक आचरण और लोकसेवक के लिए निर्धारित आचरण संहिता के विरुद्ध माना है। मामले में विभागीय जांच शुरू करते हुए राजस्थान असैनिक सेवाएं (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 13(1) के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

 

 

 

निलंबन अवधि के दौरान लालचंद मीना का मुख्यालय माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर रहेगा। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। वायरल वीडियो से जुड़े आरोपों की वास्तविक स्थिति विभागीय जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।