184 किलो डोडा-पोस्त समेत 55 लाख के नशे के जखीरे को बीकानेर पुलिस ने लगाई ‘आग’
बीकानेर. बीकानेर पुलिस ने जिले के विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज 46 मामलों में जब्त किए गए करीब 55 लाख 18 हजार 75 रुपए मूल्य के अवैध मादक पदार्थों को नियमानुसार नष्ट किया। यह कार्रवाई पुलिस की ओर से गठित ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में की गई।
पुलिस के अनुसार नष्टीकरण की कार्रवाई में 184 किलो 792 ग्राम डोडा-पोस्त, 10 किलो 830 ग्राम गांजा, 207.05 ग्राम एमडी, 52.08 ग्राम स्मैक और 41.95 ग्राम एमडीएमए नष्ट किया गया। इसके अतिरिक्त जब्त किए गए अफीम के 92 पौधों का भी नियमानुसार निस्तारण किया गया।
यह मादक पदार्थ जिले के अलग-अलग पुलिस थानों में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के 46 अभियोगों में जब्त किए गए थे। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में इन्हें नष्ट किया गया
कार्रवाई के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़, अपराध सहायक एवं पुलिस निरीक्षक सुभाष बिजारणियां, सहायक उपनिरीक्षक सुगन, हेड कांस्टेबल लक्ष्मण, कांस्टेबल श्रवण कुमार और सुनील कुमार सहित अपराध शाखा के पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

