महावीर रांका मेरे बड़े भाई और सम्मानीय व्यक्ति, टिकट कटने के बाद नहीं हुई बात: विशाल गोलछा
बीकानेर. नगर निगम चुनाव में वार्ड नंबर 75 शहर की सबसे चर्चित सीटों में शामिल हो गया है। इस वार्ड से भाजपा नेता महावीर रांका ने टिकट की दावेदारी करते हुए नामांकन दाखिल किया था, लेकिन पार्टी ने विशाल गोलछा को अपना प्रत्याशी बनाया। इस पर भाजपा प्रत्याशी विशाल गोलछा ने कहा कि महावीर रांका उनके बड़े भाई और सम्मानीय व्यक्ति हैं। हालांकि टिकट घोषित होने के बाद उनकी महावीर रांका से कोई बातचीत नहीं हुई है।
विशाल गोलछा ने कहा कि महावीर रांका समाज के अग्रणी लोगों में शामिल हैं और हमेशा सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं। उनका स्नेह भी उन्हें मिलता रहा है। महावीर रांका वर्तमान में दूसरे वार्डों में पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। दोनों नेताओं के कई समर्थक साझा हैं और चुनाव में उनका सहयोग भी मिल रहा है।
गोलछा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी निष्ठावान और कर्मठ कार्यकर्ताओं की पहचान करती है। पार्टी ने पहले उन्हें नयाशहर मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी और अब उनके निवास वाले वार्ड से चुनाव लड़ने का अवसर प्रदान किया है। इसके लिए वह पार्टी नेतृत्व और संगठन के आभारी हैं।
उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने क्षेत्र की सड़क, बिजली, नाली और सफाई सहित विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए सक्रियता से काम किया। जनता ने उन्हें पार्षद चुना तो वह इसी सक्रियता को आगे बढ़ाते हुए वार्डवासियों की सेवा के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे।
सफाई व्यवस्था रहेगी प्राथमिकता
विशाल गोलछा ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद उनकी पहली प्राथमिकता वार्ड की सफाई व्यवस्था को बेहतर करना होगी। शहर में सफाईकर्मियों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता है, जिससे सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जा सके। इसके साथ ही सड़क, पानी, बिजली और नालियों जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उनका विजन वार्ड नंबर 75 को आदर्श वार्ड के रूप में विकसित करना है, जहां नागरिकों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। पात्र लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
‘वैश्य समाज भाजपा का कोर वोटर’
वैश्य समाज की नाराजगी से जुड़ी चर्चाओं को खारिज करते हुए गोलछा ने कहा कि वह स्वयं वैश्य समाज और मध्यमवर्गीय परिवार से आते हैं। समाज के प्रत्येक कार्य में हमेशा सक्रिय रहते हैं और समाज के लोग उनके साथ हैं। वैश्य समाज लंबे समय से भाजपा का कोर वोटर रहा है तथा समाज में पार्टी को लेकर किसी प्रकार का रोष नहीं है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के रोड शो को कांग्रेस द्वारा फ्लॉप बताए जाने पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के आरोपों का कोई आधार नहीं है। रोड शो में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि पार्टी यदि भविष्य में उन्हें महापौर की जिम्मेदारी देती है तो वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से उसका निर्वहन करेंगे।

