32 वर्षों से कैंसर मरीजों की जीवनरक्षा में जुटी थेरैट्रॉन 780-सी, आज तक नहीं हुई नॉन-वर्किंग
Bikaner News

32 वर्षों से कैंसर मरीजों की जीवनरक्षा में जुटी थेरैट्रॉन 780-सी, आज तक नहीं हुई नॉन-वर्किंग

Sep 7, 2026

 

बीकानेर. पीबीएम अस्पताल स्थित आचार्य तुलसी रीजनल कैंसर ट्रीटमेंट एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (एटीआरसीटीआरआई) में सोमवार को रेडियोथेरेपी विभाग की थेरैट्रॉन 780-सी मशीन की 32वीं वर्षगांठ मनाई गई। इस अवसर पर संस्थान के चिकित्सकों, रेजिडेंट डॉक्टरों, रेडियोग्राफरों और अन्य कर्मचारियों ने मशीन की तीन दशक से अधिक की सेवाओं और उपलब्धियों को याद किया।

 

 

संस्थान की निदेशक डॉ. नीति शर्मा ने बताया कि थेरैट्रॉन 780-सी मशीन का उद्घाटन 7 सितंबर 1994 को तत्कालीन मंत्री देवी सिंह भाटी और तत्कालीन चिकित्सा मंत्री राजेंद्र राठौड़ ने किया था। पिछले 32 वर्षों में इस मशीन ने हजारों कैंसर मरीजों के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

 

 

उन्होंने बताया कि मशीन के माध्यम से राजस्थान के विभिन्न जिलों से आने वाले मरीजों के साथ उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली सहित पड़ोसी राज्यों के कैंसर मरीजों को भी रेडियोथेरेपी उपचार उपलब्ध करवाया गया है। तीन दशकों से यह मशीन क्षेत्र के कैंसर मरीजों के उपचार की एक महत्वपूर्ण कड़ी बनी हुई है।

 

 

रेडियोथेरेपी इंचार्ज परवेज उर रहमान ने बताया कि थेरैट्रॉन 780-सी मशीन की सबसे बड़ी उपलब्धि इसकी निरंतर कार्यशीलता है। 32 वर्षों के लंबे सफर में यह मशीन कभी भी नॉन-वर्किंग नहीं रही। मशीन के माध्यम से प्रतिदिन कैंसर मरीजों को रेडियोथेरेपी पद्धति से उपचार प्रदान किया जाता रहा है।

 

 

उन्होंने कहा कि किसी मशीन का इतने लंबे समय तक लगातार सेवाएं देना उसकी विश्वसनीयता के साथ रेडियोथेरेपी विभाग की तकनीकी टीम की कार्यकुशलता और नियमित रखरखाव को भी दर्शाता है। चिकित्सकों और तकनीकी कर्मचारियों के संयुक्त प्रयासों से मशीन आज भी मरीजों के उपचार में उपयोगी भूमिका निभा रही है।

 

 

वर्षगांठ कार्यक्रम में संस्थान की निदेशक डॉ. नीति शर्मा, मेडिकल ऑन्कोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र बेनीवाल, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. संदीप गुप्ता, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी यूनिट हेड डॉ. शंकर लाल जाखड़, रेडिएशन सेफ्टी ऑफिसर डॉ. अथियान, डॉ. अमित शेखावत, डॉ. श्वेता मोहता, डॉ. राजेश शिनवार और डॉ. मुकेश सिंघल सहित रेजिडेंट चिकित्सक उपस्थित रहे।

 

 

इस दौरान अधीक्षक रेडियोग्राफर बांके बिहारी शर्मा, रेडियोथेरेपी इंचार्ज परवेज उर रहमान, वरिष्ठ रेडियोग्राफर दौलत राम कस्वां, संतोष शर्मा एवं मोहम्मद सलीम जुनेजा भी मौजूद रहे। इनके अलावा असिस्टेंट रेडियोग्राफर हिमांशु कुमार, स्वाति बिश्नोई, कविता ओझा, मनीष कुमार भाट, अरुण गोयल, अंकित सेवग, असगर अली, शुभम राजपुरोहित, मीनाक्षी सुथार, मानसी मेहता, मुस्कान भाटी, मुस्कान सोंगरा, आकाश कुमार, मनोज कुमार, शिवांगी पुरोहित और निखिल बिश्नोई ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।