वार्ड 79 में कांग्रेस को मजबूती, निर्दलीय प्रत्याशी जुल्फेन बानो ने शीतल भाटी को दिया समर्थन
बीकानेर. नगर निगम चुनाव के बीच वार्ड नंबर 79 में कांग्रेस प्रत्याशी शीतल भाटी को बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली है। निर्दलीय प्रत्याशी जुल्फेन बानो ने बिना किसी शर्त के शीतल भाटी को समर्थन देने की घोषणा की है। दोनों प्रत्याशियों के एक मंच पर आने के बाद वार्ड का चुनावी समीकरण बदलता नजर आ रहा है।
इस पूरे घटनाक्रम में पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी के हित में जुल्फेन बानो से बातचीत कर उन्हें वार्ड के विकास के लिए साथ आने को राजी किया।
यशपाल गहलोत ने कहा कि जुल्फेन बानो के इस सहयोग और योगदान को कांग्रेस पार्टी सदैव याद रखेगी। अब दोनों बहनें मिलकर वार्ड के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए काम करेंगी।
कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिनिधि विकास तंवर ने बताया कि यशपाल गहलोत ने जुल्फेन बानो से समझाइश की, जिसके बाद उन्होंने वार्ड के विकास को प्राथमिकता देते हुए शीतल भाटी को बिना शर्त समर्थन देने का निर्णय लिया।
समर्थन की घोषणा के बाद कांग्रेस प्रत्याशी शीतल भाटी और उपस्थित महिलाओं ने जुल्फेन बानो का माल्यार्पण कर स्वागत किया। यशपाल गहलोत ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया। इस दौरान समर्थकों ने ‘यशपाल गहलोत जिंदाबाद’ और ‘शीतल तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं’ के नारे लगाए। कार्यक्रम में दोनों प्रत्याशियों के समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

