बीकानेर नगर निगम चुनाव: मतगणना में कहीं उलटफेर तो कहीं कांटे की टक्कर, कांग्रेस ने वार्ड 42 और 54 में दर्ज की जीत
Bikaner News Politics

बीकानेर नगर निगम चुनाव: मतगणना में कहीं उलटफेर तो कहीं कांटे की टक्कर, कांग्रेस ने वार्ड 42 और 54 में दर्ज की जीत

Sep 14, 2026

बीकानेर. नगर निगम चुनाव की मतगणना के साथ ही शहर की सरकार की तस्वीर धीरे-धीरे साफ होने लगी है। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में मतपेटियां खुलने के बाद कई वार्डों में रोचक मुकाबला देखने को मिल रहा है। हर राउंड के साथ बदलते रुझानों ने प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की धड़कनें बढ़ा दी हैं।

 

 

अब तक सामने आए परिणामों में वार्ड नंबर 42 से कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मी देवी और वार्ड नंबर 54 से कांग्रेस के पवन कुमार ने जीत दर्ज की है। वहीं वार्ड नंबर 70 से भाजपा प्रत्याशी विक्रम सिंह विजयी हुए हैं।

 

 

शुरुआती रुझानों के अनुसार वार्ड नंबर 36 से शकील, वार्ड 37 से श्याम सिंह, वार्ड 38 से सलमान खान, वार्ड 39 से छैल सिंह और वार्ड 40 से शारदा बिश्नोई आगे चल रहे हैं। वार्ड 41 से अश्वनी मिड्ढा और वार्ड 43 से प्रकाश व्यास ने बढ़त बनाई हुई है।

 

 

वार्ड नंबर 51 में पंकज, वार्ड 52 में उम्मेद सिंह और वार्ड 53 में अनीश आगे बताए जा रहे हैं। वार्ड 55 में जावेद ने तीसरे राउंड तक करीब 300 मतों की बढ़त बना ली, जबकि वार्ड 56 में शुरुआती राउंड में जावेद आगे थे, लेकिन अगले राउंड में कमला चांडक ने बढ़त हासिल कर मुकाबले को रोचक बना दिया।

 

 

वार्ड 57 में भी रुझान बदले हैं। शुरुआती दौर में सीता रंगा आगे थीं, जबकि तीसरे राउंड में अन्नपूर्णा ने बढ़त बना ली। वार्ड 58 में दुर्गादास तीसरे राउंड तक करीब 250 मतों से आगे चल रहे हैं। वार्ड 59 में अपर्णा आचार्य ने लगातार बढ़त बनाए रखी है।

 

 

अन्य रुझानों में वार्ड 21 से कांग्रेस के रिजवान, वार्ड 22 से भाजपा के मुकेश ओझा, वार्ड 23 से कांग्रेस की पूनम पारीक, वार्ड 25 से भाजपा के दीपक जाजड़ा, वार्ड 26 से भाजपा के रामदयाल पंचारिया और वार्ड 27 से कांग्रेस के दिलीप भाटिया आगे बताए जा रहे हैं। वार्ड 73 में अनिल कल्ला ने करीब 800 मतों की बढ़त बना ली है

मतगणना स्थल के बाहर प्रत्याशियों के समर्थकों की भीड़ जुटी हुई है। किसी वार्ड से बढ़त की सूचना मिलते ही समर्थकों में उत्साह दिखाई दे रहा है, जबकि लगातार बदलते आंकड़ों के कारण कई वार्डों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद ही बीकानेर नगर निगम बोर्ड की तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी।