नगर निगम चुनाव में कांग्रेस सबसे आगे, 36 सीटों पर जीत, भाजपा को 18 सीटें
बीकानेर. नगर निगम चुनाव की मतगणना में अब तक सामने आए 63 वार्डों के परिणामों में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। कांग्रेस ने 36 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा के खाते में अब तक 18 सीटें आई हैं। आठ वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) को एक सीट मिली है।
अब तक घोषित परिणामों में कांग्रेस ने भाजपा पर 18 सीटों की बढ़त बना रखी है। हालांकि, नगर निगम के कुल 80 वार्डों में स्पष्ट बहुमत के लिए 41 पार्षदों का समर्थन जरूरी है। कांग्रेस फिलहाल बहुमत के आंकड़े से पांच सीट दूर है।
वहीं, निर्दलीय उम्मीदवारों की आठ सीटों पर जीत ने नगर निगम बोर्ड के गठन को रोचक बना दिया है। शेष 17 वार्डों के परिणाम सामने आने के बाद ही निगम में बोर्ड गठन की तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
मतगणना के परिणाम सामने आने के साथ ही कांग्रेस खेमे में उत्साह का माहौल है। भाजपा की नजर अब शेष वार्डों के नतीजों पर टिकी है। दूसरी ओर, जीते हुए निर्दलीय प्रत्याशी भी बोर्ड गठन के समीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

