कृतिका प्रजापत बनीं ‘मिस प्रशासनिक चैंपियन’, खुशी सोनी को मिला ‘मिस लोक प्रशासन अल्फा’ का खिताब
बीकानेर. राजकीय महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय के लोक प्रशासन विभाग की ओर से अंतिम सेमेस्टर की छात्राओं के लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं ने रैंप वॉक, नृत्य सहित विभिन्न रचनात्मक और मनोरंजक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैंप वॉक प्रतियोगिता को नवाचार करते हुए तीन चरणों में आयोजित किया गया। दूसरे चरण में छात्राओं से उनकी बुनियादी समस्याओं और सामाजिक परिवेश से जुड़े प्रश्न पूछे गए। तीसरे चरण में प्रतिभागियों को ‘आपको मिस प्रशासनिक चैंपियन क्यों चुना जाए?’ विषय पर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया। छात्राओं ने आत्मविश्वास, तार्किक क्षमता और प्रभावी अभिव्यक्ति से निर्णायकों को प्रभावित किया।
प्रतियोगिता में कृतिका प्रजापत ने ‘मिस प्रशासनिक चैंपियन’, खुशी सोनी ने ‘मिस लोक प्रशासन अल्फा’ और दीपशिखा शेखावत ने ‘मिस लोक प्रशासन बैच आइकॉन’ का खिताब जीता। डॉ. सुमन बिश्नोई और सुनीता बिश्नोई ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
समारोह में छात्राओं ने महाविद्यालय में बिताए यादगार पलों, अपने अनुभवों और विभाग से मिली सीख को साझा किया। इस दौरान कई छात्राएं महाविद्यालय और शिक्षकों के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए भावुक हो गईं। नृत्य प्रतियोगिता में भी छात्राओं ने उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा दिखाई।
कार्यक्रम का संचालन कोमल कंवर शेखावत ने किया। प्राचार्य प्रो. रजनीरमण झा का सानिध्य रहा। इस अवसर पर लोक प्रशासन विभाग के प्रो. अच्छन राठौड़, अमृता सिंह, आशुतोष सोनी, देवेंद्र सियाग और डॉ. ज्योति सक्सेना उपस्थित रहे।
आयोजन को सफल बनाने में शोभा उपाध्याय, अंजली सोनी, पूजा सोनी, मुस्कान सोनी, गीता प्रजापत, कृतिका सुथार, सरिता कुचोरिया, जयश्री सोनी, सुहानी सोनी, कामना शर्मा, जागृति गहलोत, उर्मिला उपाध्याय, निकिता लील और प्रज्ञा ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समारोह के अंत में छात्राओं ने महाविद्यालय से मिली सीख को साथ लेकर आत्मविश्वास और नए उत्साह के साथ अपने निर्धारित लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ने का संकल्प लिया।

