चांदी के वर्क, फूलों और केसर से सजे गढ़ गणेश, दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु
Bikaner News Dharm Karam

चांदी के वर्क, फूलों और केसर से सजे गढ़ गणेश, दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु

Sep 16, 2026

 

बीकानेर. नगर सेठ लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर स्थित गढ़ गणेश मंदिर में बुधवार को भगवान गणेश का भव्य एवं मनमोहक श्रृंगार किया गया। चांदी के वर्क, विभिन्न प्रकार के सुगंधित फूलों और केसर से सजे भगवान गणेश के दर्शन के लिए दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर परिसर में भक्ति और धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।

 

 

मंदिर के पुजारी मुन्ना सेवग ने बताया कि विशेष अवसर पर भगवान गणेश का चांदी के वर्क, आकर्षक फूलों और केसर से श्रृंगार किया गया। श्रृंगार के बाद भगवान गणेश की प्रतिमा बेहद मनोहारी स्वरूप में नजर आई। मंदिर परिसर को भी श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन के अनुरूप सजाया गया।

 

 

पंडित अभिषेक सेवग ने बताया कि विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भगवान गणेश को पान और मोदक का भोग अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन कर सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।

 

 

सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था और यह सिलसिला दिनभर जारी रहा। भक्तों ने श्रद्धापूर्वक दर्शन करने के साथ प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान गणपति के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा।