चिकित्सा शिक्षा में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. बाल किशन गुप्ता को मिला ‘एसीपी इंडिया एजुकेटर अवार्ड’
बीकानेर. चिकित्सा शिक्षा और अकादमिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए बीकानेर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बाल किशन गुप्ता को प्रतिष्ठित ‘एसीपी इंडिया एजुकेटर अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान इंदौर में 11 से 13 सितंबर तक आयोजित अमेरिकन कॉलेज ऑफ फिजिशियंस (एसीपी) की वार्षिक कॉन्फ्रेंस में प्रदान किया गया। कॉन्फ्रेंस में देशभर से चिकित्सा विशेषज्ञों और चिकित्सकों ने भाग लिया।
कॉन्फ्रेंस के दौरान डॉ. गुप्ता ने ‘ऊपरी गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल रक्तस्राव (यूजीआई ब्लीड): जोखिम वर्गीकरण और प्रारंभिक प्रबंधन’ विषय पर विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने यूजीआई ब्लीड की गंभीरता, मरीजों में जोखिम के आकलन, शुरुआती स्तर पर आवश्यक चिकित्सकीय प्रबंधन और समय पर उपचार शुरू करने के महत्त्व की जानकारी दी।
डॉ. गुप्ता ने मानव शरीर के आकार, वजन, अनुपात एवं शारीरिक संरचना का ब्लड प्रेशर से संबंध विषय पर अपना शोध भी प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि शरीर की विभिन्न संरचनात्मक विशेषताओं और ब्लड प्रेशर के बीच संबंध को समझना मरीजों के जोखिम आकलन तथा बेहतर उपचार प्रबंधन में महत्त्वपूर्ण साबित हो सकता है।
इसके अलावा उन्होंने मधुमेह से पीड़ित मरीजों में उच्च रक्तचाप की व्यापकता और ब्लड प्रेशर नियंत्रित नहीं रहने के कारणों से संबंधित शोध प्रस्तुत किया। इसमें मधुमेह रोगियों में उच्च रक्तचाप की समस्या, इसके नियंत्रण को प्रभावित करने वाले कारकों तथा नियमित जांच और प्रभावी प्रबंधन की आवश्यकता पर चर्चा की गई।
कॉन्फ्रेंस में चिकित्सा विशेषज्ञों ने डॉ. गुप्ता के व्याख्यान और शोध प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्हें एसीपी इंडिया एजुकेटर अवार्ड मिलने पर बीकानेर के चिकित्सा जगत और शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए इसे शहर के लिए गौरव की उपलब्धि बताया।

