पूनरासर मेले को लेकर जयपुर रोड पर कल से तीन दिन यातायात डायवर्ट, डीजे वाहनों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
बीकानेर. पूनरासर गांव में आयोजित होने वाले श्री हनुमानजी मेले को लेकर बीकानेर पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। मेले के दौरान 17 से 19 सितंबर 2026 तक जयपुर रोड पर यातायात डायवर्ट रहेगा। इस अवधि में कैप्टन चंद्र चौधरी सर्किल (म्यूजियम सर्किल) से गुसांईसर गांव तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
बीकानेर से जयपुर की ओर जाने वाले दुपहिया, तिपहिया और चौपहिया वाहनों को म्यूजियम सर्किल से मेजर पूर्ण सिंह सर्किल, पंचशती सर्किल, शिवबाड़ी चौराहा, शिवबाड़ी मंदिर, जोहड़-बीड़, नापासर फांटा, नापासर, गुसांईसर और सेरूणा होते हुए जयपुर की ओर भेजा जाएगा।
इसी प्रकार जयपुर से बीकानेर आने वाले वाहन गुसांईसर से नापासर मार्ग और कैमल फार्म-जोहड़ बीड़ के पास से होते हुए बीकानेर में प्रवेश करेंगे। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का ही उपयोग करने की अपील की है।
नौरंगदेसर कच्चे मार्ग पर सेवा देने वाले वाहन बीछवाल बाइपास से पेमासर फांटा होते हुए बंबलू और नौरंगदेसर जा सकेंगे। सेवा समितियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे जयपुर की ओर जाने वाली सड़क के बाईं तरफ सड़क से कम से कम 50 फीट की दूरी पर ही टेंट और सेवा पंडाल लगाएं। सड़क के दाईं ओर किसी प्रकार का स्टॉल या टेंट लगाने की अनुमति नहीं होगी।
मेले के दौरान डीजे सिस्टम लगे वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी व्यक्ति अथवा सेवा समिति को डीजे का प्रयोग करने की अनुमति नहीं होगी। सेवा समितियों और श्रद्धालुओं को राज्य सरकार की ओर से मेलों के संचालन के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों की पालना करनी होगी।
यातायात पुलिस ने पदयात्रियों से सड़क किनारे चलने, बड़े झुंड बनाकर नहीं चलने, आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता देने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 8764852595 पर संपर्क किया जा सकता है।

