नयाशहर इलाके में घर में लगी आग, सामान जलकर राख
बीकानेर. शहर के नयाशहर थाना इलाके में रविवार को एक घर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। किलखोटिया चौक स्थित सूरज पारीक के मकान में आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। देखते ही देखते आग ने घर में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा सामान जलकर राख हो गया। इस दौरान बिजली के वायर भी आग की चपेट में आकर जल गए। आग लगने के बाद आसपास के लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। मकान की छत से पानी से भरी बाल्टियां डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन आग की लपटें तेज होने के कारण सफलता नहीं मिली।
इसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर छोटी दमकल मौके पर पहुंची और कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई।
आग लगने की सूचना मिलने पर महापौर अनिल कल्ला, वार्ड पार्षद सरिता व्यास सहित कई लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। फिलहाल आग से हुए कुल नुकसान का आकलन नहीं हो पाया है। वहीं आग किन कारणों से लगी, इसका भी अभी पता नहीं चल सका है।
आग पर समय रहते काबू पा लिए जाने से आसपास के मकानों तक आग फैलने से बच गई। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही। फिलहाल संबंधित विभाग की ओर से आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

