बीकानेर में तीन चरणों में होंगे पंचायतीराज चुनाव, देखें हर पंचायत का पूरा चुनावी कार्यक्रम
बीकानेर. राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव 2026 का बिगुल बज गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव का चरणवार कार्यक्रम जारी कर दिया है। बीकानेर जिले में 15 पंचायत समितियों की 453 ग्राम पंचायतों में तीन चरणों में चुनाव कराए जाएंगे। इसके लिए जिले में कुल 1511 मतदान बूथ बनाए गए हैं। चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं।
पहले चरण में 204 ग्राम पंचायतों में मतदान
पहले चरण में जिले की 204 ग्राम पंचायतों में 737 बूथों पर मतदान होगा। इस चरण में नोखा की 40, पांचू की 28, जसरासर की 24, खाजूवाला की 30, पूगल की 30, छत्तरगढ़ की 29 और रूणिया की 23 ग्राम पंचायतें शामिल हैं।
दूसरे चरण में 137 ग्राम पंचायतें
दूसरे चरण में 137 ग्राम पंचायतों के लिए 373 मतदान बूथ बनाए गए हैं। इसमें हदां की 19, बीठनोक की 18, बज्जू की 38, कोलायत की 25 और बीकानेर की 37 ग्राम पंचायतों में चुनाव होगा।
तीसरे चरण में 112 ग्राम पंचायतों में चुनाव
तीसरे और अंतिम चरण में 112 ग्राम पंचायतों में 401 बूथों पर मतदान कराया जाएगा। इसमें श्रीडूंगरगढ़ की 33, रिड़ी की 31 और लूणकरणसर की 48 ग्राम पंचायतें शामिल हैं।
अक्टूबर से शुरू होगी चुनाव प्रक्रिया
चुनाव प्रक्रिया के तहत पहले चरण का नोटिफिकेशन 8 अक्टूबर, दूसरे चरण का 13 अक्टूबर और तीसरे चरण का 19 अक्टूबर को जारी होगा। नामांकन की प्रक्रिया क्रमशः 24 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 5 नवंबर को होगी।
जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान 23 अक्टूबर, 29 अक्टूबर और 4 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। वहीं पंच और सरपंच के लिए मतदान क्रमशः 25 अक्टूबर, 31 अक्टूबर और 6 नवंबर को कराया जाएगा।
20 नवंबर को एक साथ होगी मतगणना
तीनों चरणों में हुए मतदान की मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से एक साथ शुरू होगी। इसके बाद 25 नवंबर को जिला प्रमुख और 27 नवंबर को प्रधान के चुनाव होंगे।
चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही बीकानेर जिले की ग्राम पंचायतों में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है। संभावित प्रत्याशी और दावेदार अब अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क और चुनावी तैयारियों में जुटेंगे।

