देशनोक हाईवे पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, महिला समेत तीन गंभीर घायल
बीकानेर. बीकानेर के देशनोक हाईवे पर शनिवार दोपहर श्री करणी गोशाला के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों देशनोक स्थित श्री करणी माता मंदिर में दर्शन करने के लिए आ रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को पहले देशनोक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीकानेर के पीबीएम अस्पताल स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
दंपती समेत तीन लोग घायल
हादसे में बीकानेर निवासी बाबूलाल (45), उनकी पत्नी उषा देवी (40) और चूरू जिले के लालगढ़ निवासी भवानी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, दोनों बाइकों के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

