डूंगर कॉलेज में युवा मतदाता पंजीकरण अभियान, जेठानंद व्यास बोले- युवा स्वस्थ लोकतंत्र के आधार
Bikaner News

डूंगर कॉलेज में युवा मतदाता पंजीकरण अभियान, जेठानंद व्यास बोले- युवा स्वस्थ लोकतंत्र के आधार

Oct 10, 2026

बीकानेर. युवा लोकतंत्र की मजबूती के आधार हैं और उनकी सक्रिय भागीदारी से ही लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होती है। यह बात बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने राजकीय डूंगर महाविद्यालय में आयोजित युवा मतदाता पंजीकरण अभियान के दौरान कही। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया गया।

 

 

महाविद्यालय में 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा मतदाताओं का चुनाव आयोग की वेबसाइट और ऑफलाइन प्रपत्रों के माध्यम से पंजीकरण किया गया। अभियान में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

 

 

शत-प्रतिशत युवा मतदाता पंजीकरण पर जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि युवा मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। भावी युवा पीढ़ी देश के लोकतंत्र का आधार है। युवाओं को स्वस्थ लोकतंत्र के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

 

 

उन्होंने युवाओं से मतदाता पंजीकरण अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अन्य पात्र युवाओं को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

 

 

युवा ही राष्ट्र के कर्णधार : डॉ. राजेंद्र पुरोहित

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र पुरोहित ने कहा कि युवा ही राष्ट्र के कर्णधार हैं। उनके अमूल्य योगदान से देश में स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत बनाया जा सकता है।

 

 

उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के अभियान का संदेश प्रत्येक युवा तक पहुंचना चाहिए। विद्यार्थियों को स्वयं पंजीकरण करवाने के साथ समाज के विभिन्न वर्गों में भी मतदाता जागरूकता बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए।

 

 

‘कोई भी मतदाता पीछे न छूटे’ अभियान का संदेश

कार्यक्रम की संयोजक डॉ. प्रेरणा माहेश्वरी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग की थीम ‘कोई भी मतदाता पीछे न छूटे’ के अनुरूप महाविद्यालय के विद्यार्थियों को अधिकाधिक संख्या में ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से मतदाता पंजीकरण करवाना चाहिए।

 

 

इस अवसर पर क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अरविंद जैन और रामकुमार रंगा ने विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी।

 

 

कार्यक्रम में डॉ. मैना निर्वाण, डॉ. निर्मल कुमार रांकावत सहित महाविद्यालय के संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में युवा मतदाता उपस्थित रहे। अभियान के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

;