बीकानेर में बंद कोटड़ी से बर्तन चोरी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, 2 लाख का माल बरामद
बीकानेर. बीकानेर में कोतवाली थाना पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख रुपए कीमत के तांबा, पीतल और कांसे के पुराने बर्तन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने गोगागेट के अंदर बागड़ी भवन के पास स्थित एक बंद कोटड़ी को निशाना बनाया था। मामले में अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ और अनुसंधान जारी है।
बंद कोटड़ी से 7 से 8 बोरों में रखे बर्तन चोरी
पुलिस के अनुसार, गोगागेट के अंदर रहने वाले भगवती कुमार पुत्र किशनलाल ने 5 अक्टूबर 2026 को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 4 अक्टूबर को दोपहर करीब 2 बजे अज्ञात चोरों ने उनके घर के सामने स्थित बंद कोटड़ी से पुराने और कीमती कांसे, तांबे तथा पीतल के बर्तन चोरी कर लिए। ये बर्तन करीब 7 से 8 बोरों में रखे हुए थे।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
दो दिन में आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन और सुपरविजन में कोतवाली थानाधिकारी सविता डाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने जांच के दौरान आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, वारदात के दो दिन के भीतर आरोपियों का पता लगाकर कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विष्णु सुथार (25), निवासी सुथारों का मोहल्ला, चांदमल बाग के पास पुरानी लाइन, गंगाशहर; युद्धिष्ठर मारु (24), निवासी विद्या निकेतन स्कूल के पीछे, गंगाशहर; और सवाई भार्गव (21), निवासी कुम्हारों का मोहल्ला, रामदेवजी मंदिर के पास, गंगाशहर के रूप में हुई है।
दो लाख रुपए का माल बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से करीब 2 लाख रुपए कीमत के चोरी किए गए तांबा, पीतल और कांसे के बर्तन बरामद किए हैं। पुलिस अब आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
कार्रवाई में कोतवाली थानाधिकारी सविता डाल, सहायक उपनिरीक्षक पृथ्वीराज, कांस्टेबल हंसराज, विजय और जुबेर की भूमिका रही। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

