बीकानेर के पवनपुरी स्कूल में नशामुक्ति अभियान शुरू, विद्यार्थियों ने ली शपथ
बीकानेर. नशामुक्त समाज के निर्माण और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से बीकानेर के पवनपुरी दक्षिण विस्तार स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में नशामुक्ति अभियान का शुभारंभ किया गया। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) की पहल पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य किरण पंचारिया सहित शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
नशा व्यक्ति के साथ परिवार और समाज को भी करता है प्रभावित
महासंघ के जिलामंत्री नरेंद्र आचार्य ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ और जागरूक समाज का निर्माण किया जा सकता है।
विद्यालय की संस्था प्रधान किरण पंचारिया ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थान जागरूकता के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
हर विद्यालय के माध्यम से घर-घर तक पहुंचेगा संदेश
महासंघ के प्रदेश सचिव रवि आचार्य ने बताया कि प्रदेश के विद्यालयों में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को नशे से दूर रखना, स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है।
महासंघ के कोषाध्यक्ष मोहम्मद रमजान ने कहा कि बीकानेर के विद्यालयों में नशे से दूरी, खुशहाल जीवन और सशक्त समाज का संदेश पहुंचाने के लिए शनिवार से अभियान शुरू किया गया है। संगठन से जुड़े शिक्षकों के माध्यम से विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों और युवाओं तक भी जागरूकता का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
शिक्षक और विद्यार्थी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ के रवि आचार्य, सविता राव, संतोष पुनिया, मोहम्मद रमजान, वनीश मेहता, बसंत पांडे, रामकुमार कासनियां, ललित मुझाल, विभा महर्षि, मंजू धवल और सरिता सहित ग्रामीणजन एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से नशे से दूर रहने, परिवारों को जागरूक करने और युवाओं को स्वस्थ भविष्य की ओर प्रेरित करने का संदेश दिया गया।

