केईएम रोड पर अग्रवाल नमकीन भंडार में भीषण आग, इलाके में अफरा-तफरी
बीकानेर. बीकानेर के के ई एम रोड स्थित अग्रवाल नमकीन भंडार में शनिवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया और आस-पास के लोग दहशत में आ गए। आग की लपटें काफी तेज होने के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है और दमकल विभाग की तीन गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हुई हैं। दमकल कर्मी कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन दुकान में रखे ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका बनी हुई है।
फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन दुकान और आसपास के प्रतिष्ठानों को नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस ने एहतियातन क्षेत्र को घेर लिया है और लोगों को दूर रहने की अपील की गई है।
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। दमकल की कार्रवाई पूरी होने के बाद नुकसान और कारणों की जांच की जाएगी।

