आरटीई प्रवेश प्रक्रिया में गड़बड़ी को लेकर आप का प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग
बीकानेर। आम आदमी पार्टी (आप) ने शिक्षा के अधिकार (आरटीई) के तहत चयनित बच्चों के प्रवेश निरस्त किए जाने के विरोध में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष मोहन सिंह राठौड़ ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि आरटीई के तहत चयनित कई बच्चों को निजी स्कूल बिना किसी वैध कारण के प्रवेश देने से मना कर रहे हैं। कुछ स्कूलों द्वारा फर्जी दस्तावेजों का बहाना बनाकर प्रवेश निरस्त करने के भी आरोप लगाए गए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पात्र बच्चों को जानबूझकर उनके अधिकार से वंचित किया जा रहा है, जो कि शिक्षा के अधिकार कानून की भावना के खिलाफ है।
पार्टी नेताओं ने कहा कि आरटीई कानून का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का समान अवसर प्रदान करना है, लेकिन वर्तमान में इसकी खुलेआम अनदेखी की जा रही है। महासचिव प्रोफेसर सलवीर समेजा ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय रहते इस पर कार्रवाई नहीं की गई तो गरीब बच्चों का भविष्य प्रभावित होगा।
ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई कि सभी पात्र बच्चों को तुरंत प्रवेश दिलाया जाए और जिन निजी स्कूलों ने बिना कारण प्रवेश निरस्त किया है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही संबंधित शिक्षा अधिकारियों और कार्मिकों की भूमिका की भी जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन के बाद एक शिष्टमंडल ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। शिष्टमंडल में मोहन सिंह राठौड़, प्रोफेसर सलवीर समेजा, पूनसा पुरोहित, संजय पाल, संजय लोहाटी, सीताराम सुथार, रणवीर सिंह और अनवर भाटी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

