प्रदेश में फिर पलटेगा मौसम: अगले 4 दिन ओले-बारिश का अलर्ट
Bikaner News

प्रदेश में फिर पलटेगा मौसम: अगले 4 दिन ओले-बारिश का अलर्ट

Mar 27, 2026

 

बीकानेर. राजस्थान में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मार्च के अंतिम दिनों में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते प्रदेशभर में मौसम बदला-बदला नजर आएगा। बीते 24 घंटे में चौथा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ, जिसके प्रभाव से अधिकांश जिलों में बादल छाए रहे और कई जगह हल्की बारिश भी दर्ज की गई।

 

 

 

मौसम विभाग के अनुसार अब 28 मार्च से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जो इस महीने का सबसे मजबूत सिस्टम माना जा रहा है। इसके प्रभाव से प्रदेश में अगले चार दिनों तक बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है।

 

 

 

28 मार्च को खासतौर पर जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में मौसम का असर अधिक देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश होने के आसार हैं। इसके बाद 29 और 30 मार्च को यह सिस्टम और ज्यादा प्रभावी हो जाएगा, जिससे प्रदेश के लगभग सभी संभाग प्रभावित होंगे।

 

 

 

इस दौरान कई स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है। मौसम के इस बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ेगा और अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना जताई जा रही है।

मौसम विभाग ने किसानों और आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर खेतों में खड़ी फसलों को ओलावृष्टि से नुकसान हो सकता है, वहीं तेज आंधी के दौरान सावधानी बरतने की आवश्यकता है।