बीकानेर में साउथ फिल्म NC 24 की शूटिंग शुरू, एक्शन मोड में दिखे एक्टर नागा चैतन्य
बीकानेर. राजस्थान का ऐतिहासिक शहर इन दिनों साउथ सिनेमा की बड़ी फिल्म NC 24 की शूटिंग को लेकर सुर्खियों में है। शुक्रवार से शुरू हुई शूटिंग में शहर के भव्य लक्ष्मी निवास पैलेस को खास एक्शन सीक्वेंस के लिए चुना गया, जहां फिल्म के लीड एक्टर नागा चैतन्य ने कार स्टंट और दमदार एक्शन सीन फिल्माए।
वहीं शनिवार को शूटिंग का सिलसिला ऐतिहासिक जूनागढ़ किला में जारी रहा, जहां किले की भव्यता के बीच कई महत्वपूर्ण सीन कैद किए जा रहे हैं। शूटिंग देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ रही है और शहर में फिल्मी माहौल बन गया है।
‘थंडेल’ के बाद बड़ा धमाका
फिल्म ‘थंडेल’ की सफलता के बाद नागा चैतन्य अब NC 24 के जरिए एक नए और अलग अवतार में नजर आएंगे। यह एक मिथिकल थ्रिलर फिल्म है, जिसका निर्देशन कार्तिक दांडू कर रहे हैं, जबकि प्रोड्यूसर बीवीएसएन प्रसाद हैं।
हाई VFX और खतरनाक स्टंट
फिल्म में बड़े पैमाने पर VFX और एक्शन का तड़का देखने को मिलेगा। खास तौर पर कार स्टंट और एडवेंचर सीक्वेंस इसे और रोमांचक बनाएंगे। फिल्म का बजट और स्केल दोनों ही बड़े स्तर पर तैयार किए जा रहे हैं।
रहस्य, इतिहास और एडवेंचर का संगम
NC 24 की कहानी खजाने की खोज, प्राचीन भविष्यवाणियों और शाही इतिहास के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें एक पुरातत्वविद्, एक इतिहास छात्र और खजाने के खोजी की यात्रा दिखाई जाएगी, जो ‘अच्छाई और बुराई’ की ताकतों के बीच संघर्ष करते नजर आएंगे।

