भाजपा स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं का सम्मान, संगठन मजबूती पर जोर
बीकानेर। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर जिला अध्यक्ष सुमन छाजेड़ एवं देहात अध्यक्ष श्याम पंचारिया की अध्यक्षता में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही और पूरे आयोजन में उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष निहालचंद मेघवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे पार्टी के 47 वर्षों के गौरवशाली इतिहास और संघर्ष यात्रा को साझा करने के उद्देश्य से यहां उपस्थित हुए हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय जनसंघ की स्थापना डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में हुई थी, जो आगे चलकर भाजपा के रूप में एक विशाल राजनीतिक संगठन बना। उन्होंने कहा कि संगठन ने अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए निरंतर राष्ट्र सेवा का कार्य किया है।
मेघवाल ने कहा कि भाजपा की शुरुआत “भारत माता की जय” के उद्घोष से होती है, जो पार्टी की राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा प्रतिपादित ‘एकात्म मानववाद’ को पार्टी की वैचारिक नींव बताते हुए कहा कि भाजपा इसी सिद्धांत पर आगे बढ़ती रही है। उन्होंने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को दोहराते हुए समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की बात कही।
जिला अध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की मजबूती का आधार है और सभी को मिलकर पार्टी के सिद्धांतों को आगे बढ़ाना चाहिए।
देहात अध्यक्ष श्याम पंचारिया ने कहा कि स्थापना दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समर्पण भाव से संगठन के कार्यों में जुटने और समाज के हर वर्ग तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया।
मीडिया संयोजक कमल गहलोत ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में ओम सोनगरा, कर्नल हेम सिंह, पुष्पा गहलोत, दुर्गा पांडे, हरिकिशन जोशी, रामेश्वर पारीक, हनुमान सांखी, पूराराम ढाका सहित वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। मंच संचालन जिला महामंत्री कौशल शर्मा ने किया।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गोपाल गहलोत, सत्यप्रकाश आचार्य, कुंभाराम सिद्ध, मोहन सुराणा, चंपालाल गैदर, मुमताज अली भाटी, महावीर सिंह चारण, भवानी पाईवाल, सुशील कंवर राजपुरोहित, संपत पारीक, सरिता नाहटा, रघुवीर प्रजापत, दुष्यंत तंवर सहित अनेक पदाधिकारी, पार्षद, मंडल अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

