बीकानेर स्थापना दिवस पर ‘चंदा उत्सव’ की धूम, परंपरागत लोक संस्कृति से गूंजा शहर
Bikaner News Dharm Karam

बीकानेर स्थापना दिवस पर ‘चंदा उत्सव’ की धूम, परंपरागत लोक संस्कृति से गूंजा शहर

Apr 16, 2026

 

बीकानेर. बीकानेर के 539वें स्थापना दिवस के अवसर पर शहर में परंपरा और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर विकास एवं पर्यावरण समिति, जिला प्रशासन और बीकानेर विकास प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर के सामने स्थित गणेश मंदिर में “चंदा उत्सव” का भव्य आयोजन किया गया।

 

 

 

कार्यक्रम में बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास, सीओ सिटी अनुज डाल, इतिहासकार प्रो. भंवरलाल भादानी सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। इस अवसर पर अतिथियों और आमजन ने पारंपरिक अंदाज में चंदा उड़ाकर शहर की खुशहाली की कामना की।

 

 

“आकाशां में उड़े म्हारो चंदो, लखमीनाथ म्हारी सहाय करें” जैसे लोकगीतों के साथ चंदा उड़ाने की परंपरा ने माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया। लोकगीतों और पारंपरिक स्वरूप के साथ आयोजित इस कार्यक्रम ने बीकानेर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया।

 

 

समिति के सचिव सीताराम कच्छावा ने बताया कि इस अवसर पर चंदा कलाकारों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।

 

 

 

विधायक जेठानंद व्यास ने अपने संबोधन में कहा कि बीकानेर की परंपराएं और संस्कृति पूरे प्रदेश में अपनी अलग पहचान रखती हैं और चंदा कलाकार इस विरासत को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

 

 

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने बीकानेरवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं भी दीं। आयोजन में बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए और पारंपरिक आयोजन का आनंद लिया।

 

 

आज होगी सांस्कृतिक संध्या

स्थापना दिवस समारोह के तहत 17 अप्रैल, शुक्रवार को रात 7:30 बजे श्री लक्ष्मीनाथ पार्क में भव्य “सांस्कृतिक संध्या” का आयोजन किया जाएगा। इसमें स्थानीय कलाकारों के साथ राजस्थान संगीत नाटक अकादमी के आमंत्रित कलाकार भी रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे।