पानी की बराबर सप्लाई के लिए सख्ती: अब सप्लाई के दौरान 45 मिनट तक बिजली रहेगी बंद
बीकानेर। गर्मी और नहर बंदी के बीच आमजन को राहत देने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जल वितरण को सुचारू और समान बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने पानी सप्लाई के दौरान बिजली बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं।
प्रशासन द्वारा बीकेईएसएल (बिजली कंपनी) को पत्र लिखकर स्पष्ट किया गया है कि जल आपूर्ति के समय 30 से 45 मिनट तक बिजली सप्लाई बंद रखी जाए। इसके साथ ही जलदाय विभाग के सहायक अभियंताओं को अधिकृत किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पानी सप्लाई के समय के अनुसार बिजली कटौती का समय तय कर कंपनी को सूचित करें।
दरअसल, नहर बंदी के दौरान पानी की किल्लत बढ़ जाती है और इसी बीच कुछ लोग अवैध रूप से बूस्टर पंप का इस्तेमाल कर अधिक पानी खींच लेते हैं। इससे आसपास के घरों तक पानी नहीं पहुंच पाता और कई उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जिला प्रशासन का मानना है कि पानी सप्लाई के समय बिजली बंद रहने से बूस्टर पंप नहीं चल पाएंगे, जिससे हर घर तक समान रूप से पानी पहुंच सकेगा।
यह कदम खासतौर पर उन इलाकों के लिए राहत भरा साबित होगा जहां हर साल गर्मी में पानी को लेकर विवाद और असमान वितरण की शिकायतें सामने आती हैं।
प्रशासन ने आमजन से भी सहयोग की अपील की है कि वे इस व्यवस्था को समझें और नियमों का पालन करें, ताकि सभी को बराबर पानी मिल सके। यह निर्णय जल संकट के समय में बेहतर प्रबंधन और निष्पक्ष वितरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

