तस्करों के अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर, मौके पर भारी पुलिस जाब्ता मौजूद
बीकानेर. जिले में नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ पुलिस प्रशासन का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को भुट्टो का बास में मेहंदी हसन पुत्र राजू खान के अवैध निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई की गई। प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध हिस्से को ध्वस्त किया।
जानकारी के अनुसार मेहंदी हसन के खिलाफ 5 एनडीपीएस एक्ट सहित कुल सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं उसकी पत्नी हीना के खिलाफ भी एक मुकदमा दर्ज बताया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा।
यह कार्रवाई सदर थानाधिकारी सुरेन्द्र पचार, बीडीए तहसीलदार महेंद्र सिंह चारण की मौजूदगी में की गई। पूरी कार्रवाई आईपीएस अनुष्ठा कालिया के निर्देशन में संपन्न हुई। प्रशासन का कहना है कि अपराध और अवैध गतिविधियों से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

