ई-रिक्शा से घर पहुंचे केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, दिया सादगी, ईंधन बचत और स्वच्छ ऊर्जा का संदेश
Bikaner News Politics

ई-रिक्शा से घर पहुंचे केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, दिया सादगी, ईंधन बचत और स्वच्छ ऊर्जा का संदेश

May 14, 2026

बीकानेर. केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने एक बार फिर अपनी सादगीभरी कार्यशैली और पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता से लोगों का ध्यान आकर्षित किया। केंद्रीय कानून मंत्री गुरुवार सुबह बीकानेर रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद किसी बड़े काफिले या लग्जरी वाहन की बजाय ई-रिक्शा में सवार होकर अपने निवास पहुंचे।

 

 

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को व्यवहार में उतारते हुए मेघवाल ने आमजन को स्वच्छ ऊर्जा अपनाने की प्रेरणा दी। खास बात यह रही कि वे केवल स्टेशन से घर तक ही नहीं, बल्कि दिनभर बीकानेर में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में भी ई-वाहनों का उपयोग करेंगे।

 

 

 

मेघवाल लंबे समय से सादगी और पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक माने जाते हैं। वे पिछले 17 वर्षों से साइकिल को बढ़ावा दे रहे हैं और संसद तक साइकिल से पहुंचने वाले नेताओं में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। उनका मानना है कि यदि हर व्यक्ति छोटी दूरी के लिए ई-वाहन, साइकिल या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करे तो पेट्रोल-डीजल की खपत कम होने के साथ-साथ प्रदूषण पर भी प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

 

 

बीकानेर में ई-रिक्शा से सफर करते केंद्रीय मंत्री को देखने के लिए लोगों में उत्सुकता नजर आई। आमजन ने भी उनके इस कदम की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए सकारात्मक संदेश बताया।