लक्ष्मीनाथ मंदिर में मनाया गया जीव रक्षा दिवस, पक्षियों के लिए पालसिया और चुग्गा वितरण
Bikaner News Dharm Karam

लक्ष्मीनाथ मंदिर में मनाया गया जीव रक्षा दिवस, पक्षियों के लिए पालसिया और चुग्गा वितरण

May 18, 2026

 

बीकानेर। पुरुषोत्तम मास के अवसर पर रविवार सुबह नगरसेठ श्री लक्ष्मीनाथ जी मंदिर परिसर में जीव दया और सेवा भावना को समर्पित विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। महावीर इंटरनेशनल और वंदे मातरम मंच के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में पक्षियों के लिए पालसिया (पानी के कूंडे) एवं चुग्गा (दाना) वितरण किया गया।

 

 

सुबह 8 बजे शुरू हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजसेवियों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। वंदेमातरम टीम के वरिष्ठ सदस्य विजय कोचर ने बताया कि पुरुषोत्तम मास में धर्म और सेवा कार्यों का विशेष महत्व होता है। इसी भावना के तहत मंदिर परिसर में पक्षियों के लिए पानी के पात्र लगाए गए तथा चुग्गा डाला गया।

 

 

 

महावीर इंटरनेशनल के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार सुराणा ने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को अपने घरों की मुंडेर पर लगाने के लिए करीब 300 पालसियों का वितरण किया गया, ताकि अधिक से अधिक पक्षियों को पानी उपलब्ध कराया जा सके।

 

 

 

वंदे मातरम मातृशक्ति टीम की अध्यक्ष कामिनी विमल भोजक ने बताया कि “जीव दया संकल्प दिवस” के तहत उपस्थित लोगों को जीव रक्षा की शपथ दिलाई गई। उन्होंने कहा कि पुरुषोत्तम मास के दौरान बीकानेर शहर में पक्षियों के लिए 100 किलो चुग्गा वितरित किया जाएगा।

 

 

 

कार्यक्रम में वक्ताओं ने जीव दया, परोपकार और पशु-पक्षियों की सेवा को मानव जीवन का महत्वपूर्ण दायित्व बताया। मुकेश जोशी ने कहा कि बेजुबान पशु-पक्षी अपनी पीड़ा व्यक्त नहीं कर सकते, इसलिए समाज को आगे बढ़कर उनकी सहायता करनी चाहिए। वहीं नरसिंह भाटी निशु ने कहा कि सेवा के साथ-साथ लोगों को प्रेरित करना भी आवश्यक है, ताकि सामूहिक प्रयासों से अधिकाधिक जीवों की रक्षा की जा सके।

 

 

प्रवक्ता दिलीप गुप्ता ने कहा कि संस्था केवल पक्षियों ही नहीं बल्कि सभी पशुओं की सेवा के लिए समर्पित है। यह कार्यक्रम स्वर्गीय ऋषभ सुराणा की पुण्य स्मृति में ऋषभ फाउंडेशन के सहयोग से संपन्न हुआ।

 

 

‘जीव दया सप्ताह’ के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में विजय कोचर, मुकेश जोशी, विजयलक्ष्मी मूंधड़ा, राजश्री कच्छावा, राधा खत्री, नरसिंग भाटी, महेंद्र जोशी, राजेंद्र रामपुरिया, निर्मल बरड़िया, एडवोकेट हेमंत शर्मा, आनंद जोशी, नवरतन बेगानी, पुरुषोत्तम सुथार, देवेंद्र बोथरा, रामचंद्र सुथार, जेठमल सोनी, एडवोकेट शिवशंकर कुशवाहा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।