बीकानेर में आंधी-बारिश का कहर, हजारों पेड़ टूटे और सोलर प्लेटें उड़कर घरों में गिरीं
Bikaner News

बीकानेर में आंधी-बारिश का कहर, हजारों पेड़ टूटे और सोलर प्लेटें उड़कर घरों में गिरीं

Jun 5, 2026

बीकानेर. बीकानेर में गुरुवार रात आई तेज धूलभरी आंधी और तूफानी बारिश ने भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं के चलते हजारों पेड़ टूटकर सड़कों पर गिर गए, जिससे कई स्थानों पर रास्ते जाम हो गए और यातायात प्रभावित रहा।

 

 

आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई इलाकों में सोलर प्लांटों की प्लेटें और उनके लोहे के ढांचे उखड़ गए। कुछ स्थानों पर सोलर प्लेटें उड़कर पड़ोसी मकानों की छतों और घरों में जा गिरीं, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि अधिकांश स्थानों पर जनहानि की कोई बड़ी सूचना नहीं मिली

 

 

तूफान के कारण बिजली के खंभे और तार भी क्षतिग्रस्त हुए, जिससे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। कई जगह पेड़ों के गिरने से सड़कें बंद हो गईं और लोगों को रातभर परेशानी का सामना करना पड़ा।

 

 

आंधी का असर पक्षियों पर भी पड़ा। बड़ी संख्या में पेड़ों के गिरने से पक्षियों के घोंसले उजड़ गए और सैकड़ों तोतों सहित कई पक्षियों की मौत की खबरें सामने आई हैं। प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें रास्ते साफ करने, बिजली व्यवस्था बहाल करने और नुकसान का आकलन करने में जुटी हुई हैं।