11 हजार श्रद्धालुओं के सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ की तैयारियां तेज, पंजीयन समिति का गठन
बीकानेर। वंदे मातरम टीम की ओर से 28 जुलाई को पूगल रोड स्थित हीरेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित होने वाले 11 हजार श्रद्धालुओं के सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं ऑनलाइन पंजीयन व्यवस्था के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया है।
वंदे मातरम टीम की कोर कमेटी की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कोचर, मुकेश जोशी, पुरुषोत्तम सुथार, भंवरलाल लिम्बा, शिवदयाल उपाध्याय, कामिनी भोजक, रामलाल हलवाई एवं दिलीप गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में पुरुष वर्ग के लिए कमल सेन को संयोजक तथा नारायण पारीक को सहसंयोजक नियुक्त किया गया। वहीं महिला वर्ग में राधा खत्री को संयोजक और सुधा आचार्य को सहसंयोजक बनाया गया। कुल 21 सदस्यीय समिति इस दायित्व का निर्वहन करेगी।
समिति कार्यक्रम में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के ऑनलाइन पंजीयन की व्यवस्था संभालेगी। इसके लिए निशुल्क ऑनलाइन गूगल फॉर्म भी उपलब्ध कराया गया है।
वंदे मातरम टीम के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कोचर ने बीकानेरवासियों से 28 जुलाई को आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। जिला प्रवक्ता दिलीप गुप्ता ने श्रद्धालुओं से गूगल फॉर्म के माध्यम से अपना पंजीयन करवाकर कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

