अमेरिका ने ईरान के 140 सैन्य ठिकानों पर की एयरस्ट्राइक, ईरान ने भी किया पलटवार का दावा
वॉशिंगटन/तेहरान. अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने शनिवार देर रात ईरान के करीब 140 सैन्य ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए। अमेरिकी सेना के अनुसार यह कार्रवाई होर्मुज जलडमरूमध्य में साइप्रस के झंडे वाले कंटेनर जहाज पर हुए हमले के जवाब में की गई। हमले में जहाज में आग लग गई, इंजन को भारी नुकसान पहुंचा और चालक दल का एक सदस्य लापता बताया गया है।
एयरस्ट्राइक के कुछ ही देर बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई का दावा किया। ईरानी सरकारी टीवी IRIB के मुताबिक, ईरानी सेना ने कुवैत और बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ड्रोन हमले किए। ईरान का कहना है कि कुवैत में अमेरिकी पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम, गोला-बारूद डिपो और रडार साइट, जबकि बहरीन में अमेरिकी कम्युनिकेशन सिस्टम और रडार साइट को निशाना बनाया गया।
हालांकि, ईरान के इन दावों की अमेरिका, कुवैत या बहरीन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच खाड़ी देशों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि दोनों देशों के बीच सैन्य कार्रवाई इसी तरह जारी रही तो इसका असर वैश्विक तेल आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर भी पड़ सकता है।

