प्रभारी सचिव हेमंत गेरा से मिले भाजपा नेता चन्द्रमोहन जोशी, लंबित प्रकरणों के समाधान की उठाई मांग
बीकानेर। राजस्थान सरकार के प्रभारी सचिव हेमंत गेरा ने सोमवार को बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) में आयोजित सेवा शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आमजन से जुड़े मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान भाजपा किसान मोर्चा, बीकानेर शहर के जिलाध्यक्ष चंद्रमोहन जोशी ने प्रभारी सचिव हेमंत गेरा को ज्ञापन सौंपकर वर्ष 2013 में बने पट्टों से जुड़े लंबित मामलों का मुद्दा उठाया। उन्होंने वर्ष 2023 में लीज मनी जमा करा चुके आवेदकों के प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने, 2013 में बने पट्टों की एनओसी बिना शर्त जारी करने तथा आमजन से जुड़े कार्यों को सरल और सुगम बनाने की मांग की।
जोशी ने कहा कि राज्य सरकार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप लंबित मामलों का जल्द समाधान होना चाहिए। उन्होंने प्रभारी सचिव से स्थानीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।
इस अवसर पर बीडीए आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी, कुणाल राहड़ सहित विकास प्राधिकरण के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रभारी सचिव हेमंत गेरा ने आयुक्त को सेवा शिविर में लंबित मामलों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

