कारगिल विजय दिवस पर राजस्थान के सभी स्कूलों में गूंजेगी वीर जवानों की शौर्यगाथा, पूर्व सैनिक और पूर्व विद्यार्थी होंगे शामिल
Bikaner News

कारगिल विजय दिवस पर राजस्थान के सभी स्कूलों में गूंजेगी वीर जवानों की शौर्यगाथा, पूर्व सैनिक और पूर्व विद्यार्थी होंगे शामिल

Jul 24, 2026

बीकानेर. कारगिल विजय दिवस इस वर्ष 26 जुलाई को रविवार होने के कारण राज्य के सभी सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों में 25 जुलाई (शनिवार) को मनाया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर ने इस संबंध में सभी संभागीय संयुक्त निदेशकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

 

 

 

 

जारी आदेश के अनुसार विद्यालयों में कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों द्वारा सामूहिक राष्ट्रगान किया जाएगा तथा कारगिल युद्ध की शौर्यगाथा, भारतीय सेना के पराक्रम, राष्ट्रभक्ति पर भाषण, कविता पाठ, देशभक्ति गीत और अन्य प्रेरक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

 

 

 

 

शिक्षा विभाग ने निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम में पूर्व विद्यार्थियों, एसडीएमसी सदस्यों, जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों तथा स्थानीय गणमान्य नागरिकों को भी आमंत्रित किया जाए। कार्यक्रम गरिमापूर्ण और अनुशासित वातावरण में आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

इसके अलावा सभी मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों और समग्र शिक्षा के जिला परियोजना समन्वयकों को निर्देशित किया गया है कि कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य आगंतुकों का विवरण 25 जुलाई को शाम 4 बजे तक निर्धारित गूगल फॉर्म पर अनिवार्य रूप से अपलोड कराया जाए। शिक्षा विभाग ने इन निर्देशों की सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।