गणेश विहार में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लोकार्पण, विधायक जेठानंद व्यास बोले- घर-घर तक पहुंच रही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं
बीकानेर. बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने रविवार को गणेश विहार स्थित नव विकसित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे लोगों को अपने घर के निकट बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं।
विधायक व्यास ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के चलते स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार हुआ है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में बीकानेर जिला अस्पताल में आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता बढ़ी है और कई नई शल्य चिकित्सा सेवाएं शुरू होने से मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार मिल रहा है। साथ ही शहर के अन्य सरकारी चिकित्सा संस्थानों में भी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर भवन का निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों से आमजन को संवेदनशीलता और गुणवत्ता के साथ बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया। इस मौके पर उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध, चिकित्सा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

