मतदान के दौरान हुआ विवाद, निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थक ने भाजपा नेता और उनके भतीजे पर लगाए मारपीट के आरोप
बीकानेर. नगर निगम चुनाव के मतदान के दौरान वार्ड नंबर 28 में विवाद का मामला सामने आया है। निर्दलीय प्रत्याशी लक्ष्मी देवी कातेला के समर्थक सुधीर लूणावत ने भाजपा नेता मोहन सुराणा और उनके भतीजे पर बहस, धमकी एवं मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। हालांकि इन आरोपों पर भाजपा नेता मोहन सुराणा का पक्ष अभी सामने नहीं आया है।
सुधीर लूणावत ने बताया कि वह वार्ड नंबर 28 से निर्दलीय प्रत्याशी लक्ष्मी देवी कातेला का समर्थक है और बोथरा गर्ल्स स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर पोलिंग एजेंट के रूप में तैनात था। कुछ समय के लिए वह मतदान केंद्र से बाहर निकला था। इसी दौरान भाजपा नेता मोहन सुराणा से उसकी बहस हो गई।
लूणावत का आरोप है कि बहस के दौरान उसे धमकी दी गई। मौके पर मौजूद लोगों ने समझाइश कर मामला शांत करवाने का प्रयास किया, लेकिन इसके बाद भी विवाद अगले चौक तक पहुंच गया। सुधीर ने आरोप लगाया कि वहां मोहन सुराणा के भतीजे ने उसकी गर्दन पकड़ ली तथा उसके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया।
सुधीर लूणावत ने दावा किया कि मारपीट के कारण उसके चेहरे पर चोट के निशान आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता चुनाव में हार की आशंका से बौखलाकर इस प्रकार की घटना को अंजाम दे रहे हैं।
घटना को लेकर दूसरे पक्ष की प्रतिक्रिया और पुलिस कार्रवाई की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। भाजपा नेता मोहन सुराणा अथवा संबंधित पक्ष का बयान मिलने के बाद ही आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

