101 वर्षीया शांतिदेवी कोचर ने किया कोचर समाज परिवार निर्देशिका का विमोचन, बेटी के जन्मदिन पर समाज को समर्पित की अनूठी पहल
Bikaner News Dharm Karam

101 वर्षीया शांतिदेवी कोचर ने किया कोचर समाज परिवार निर्देशिका का विमोचन, बेटी के जन्मदिन पर समाज को समर्पित की अनूठी पहल

Jul 30, 2026

 

बीकानेर. कोचर समाज बीकानेर की बहुप्रतीक्षित परिवार निर्देशिका का विमोचन गुरुवार को समाज की 101 वर्षीया वयोवृद्ध श्रीमती शांतिदेवी कोचर के करकमलों से गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर पूर्व पार्षद सुरेंद्र कोचर एवं उनके परिवार ने अपनी पुत्री लब्धि कोचर के नवम जन्मदिवस पर यह निर्देशिका समाज को समर्पित कर बेटी के जन्मदिन को समाजसेवा से जोड़ने की प्रेरणादायी मिसाल पेश की।

 

 

पूर्व पार्षद सुरेंद्र कोचर ने बताया कि उनके परिवार की परंपरा रही है कि पुत्री लब्धि का प्रत्येक जन्मदिवस जनकल्याण और समाजोपयोगी कार्यों के माध्यम से मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि लब्धि का पहला जन्मदिन भी सर्वधर्म धर्मगुरुओं के समागम के साथ मनाया गया था। पिछले नौ वर्षों से यह परंपरा निरंतर जारी है, जिसकी समाज में व्यापक सराहना हो रही है।

 

 

 

कार्यक्रम में कोचर मंदिरात एवं पंचायती ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. धनपत कोचर ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति उसकी एकता, संगठन और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण पर निर्भर करती है। परिवार निर्देशिका समाज के परिवारों, युवाओं और नई पीढ़ी को आपस में जोड़ने के साथ-साथ समाज के इतिहास, परंपराओं और उपलब्धियों से भी परिचित कराएगी।

 

 

 

निर्देशिका को केवल संपर्क पुस्तिका तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसे बहुउपयोगी संदर्भ ग्रंथ का स्वरूप दिया गया है। इसमें समाज के सभी परिवारों के सदस्यों के नाम, पते और मोबाइल नंबरों के साथ बीकानेर एवं राजस्थान के प्रमुख जैन तीर्थों की जानकारी, रेलवे और बस सेवाओं की समय सारणी, आवश्यक सेवाओं के संपर्क नंबर तथा अन्य उपयोगी जानकारियां भी शामिल की गई हैं।

 

 

 

हेमंत कुमार सिंगी ने कहा कि सुरेंद्र कोचर परिवार ने बेटा-बेटी के भेदभाव को समाप्त करने का जो संदेश दिया है, वह समाज के लिए प्रेरणादायी है। बेटी के जन्मदिन को लगातार समाजसेवा से जोड़कर मनाना अनुकरणीय पहल है।

 

 

 

समाजसेवी जितेंद्र कोचर ने इस अभिनव प्रयास की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि यह परिवार निर्देशिका समाज के परिवारों के बीच आत्मीयता, संवाद और सहयोग को नई मजबूती देगी तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज सिद्ध होगी।

 

 

 

इस अवसर पर डॉ. सोहिनी कोचर, डॉ. संजय कोचर, डॉ. अंजू कोचर, डॉ. स्वाति फालोदिया, डॉ. अभिषेक कोचर, डॉ. शिल्पी कोचर, डॉ. ऋषभ कोचर, डॉ. दक्षिता कोचर, जितेंद्र कोचर, कुनाल कोचर, हेमंत कुमार सिंगी, मनोज कोचर, नवीन कोचर, विनोद कोचर सहित समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।