गर्म दाल के भगोने में गिरने से 5 वर्षीय मासूम की मौत
बीकानेर. श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के उदरासर गांव में शोकसभा के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 5 वर्षीय मासूम की जान चली गई। दादा की शोकसभा में आए रिश्तेदारों के लिए बन रही गर्म दाल के खुले भगोने में खेलते-खेलते गिरने से बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया। इलाज के दौरान पीबीएम अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार उदरासर निवासी बाबूलाल के पिता कानाराम मेघवाल का 26 जुलाई को निधन हो गया था। उनकी मृत्यु के आठवें दिन 2 अगस्त को शोकसभा का आयोजन किया गया था। दोपहर करीब 1 बजे रिश्तेदारों के लिए भोजन तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान बड़े भगोने में दाल बनाई जा रही थी, जिस पर ढक्कन नहीं रखा गया था।
श्रीडूंगरगढ़ थाने के एएसआई राजकुमार ने बताया कि बाबूलाल का 5 वर्षीय बेटा संकेत खेलते समय उल्टा दौड़ रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गर्म दाल से भरे भगोने में जा गिरा। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत बाहर निकालकर स्थानीय अस्पताल ले गए।
डॉक्टरों ने बताया कि बच्चा करीब 90 प्रतिशत तक झुलस चुका था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक संकेत के पिता बाबूलाल मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। संकेत तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसके परिवार में एक 7 वर्षीय बड़ा भाई और 3 वर्षीय छोटी बहन है। इस हादसे के बाद पूरे गांव और परिवार में शोक की लहर है। दादा की शोकसभा के बीच हुए इस हादसे ने खुशियों की जगह गहरा मातम छोड़ दिया।

