थानाधिकारी विकास विश्नोई की टीम का बड़ा एक्शन, अफीम तस्कर गिरफ्तार
बीकानेर. रेंज आईजी ओमप्रकाश और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत नाल थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। थानाधिकारी विकास विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान 2 किलो 432 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन से 2 किलो 432 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मौके से फलौदी के खारा निवासी विकास बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह और वृताधिकारी हिमांशु शर्मा के सुपरविजन में की गई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पुलिस अब उससे गहन पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
थानाधिकारी विकास विश्नोई ने बताया कि नाल थाना क्षेत्र में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार नाकाबंदी, गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि नाल थाना पुलिस ने पिछले एक महीने में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ यह लगातार चौथी बड़ी कार्रवाई की है। इससे स्पष्ट है कि “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत पुलिस नशे के नेटवर्क पर लगातार शिकंजा कस रही है।

