30 महीने से पानी कनेक्शन का इंतजार, चोपड़ा बाड़ी के लोगों का गंगाशहर टंकी पर धरना
बीकानेर. पानी के कनेक्शन की मांग को लेकर चोपड़ा बाड़ी के लोगों का सब्र आखिरकार टूट गया। पिछले करीब 30 महीनों से जलदाय विभाग के चक्कर काट रहे क्षेत्रवासियों ने मंगलवार को गंगाशहर टंकी पर धरना देकर विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
धरने की सूचना मिलने पर कांग्रेस नेता अरुण व्यास मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों की समस्या सुनी। उन्होंने दूरभाष पर राजेश पुरोहित से बातचीत कर पूरे मामले से अवगत कराया। इस पर राजेश पुरोहित ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश देने का आश्वासन दिया।
इसके बाद अरुण व्यास ने जलदाय विभाग की एईएन और जेईएन से बातचीत कर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए गरीब परिवारों को महीनों से फाइलें लेकर विभाग के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। कई परिवार महंगे दामों पर पानी के टैंकर मंगवाने को मजबूर हैं, जबकि क्षेत्र में पानी की लाइन बिछे हुए काफी समय हो चुका है। इसके बावजूद कनेक्शन जारी नहीं किए जा रहे हैं, जो गंभीर लापरवाही है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन का कार्य पूरा हो चुका है, वहां जल्द से जल्द कनेक्शन जारी किए जाएं और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
वार्ता के दौरान एईएन ने सात दिनों के भीतर समस्या के समाधान का मौखिक आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने फिलहाल अपना धरना स्थगित कर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय में समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
धरने में नरनारायण स्वामी, गोविंद पुरोहित, चेतन जोशी, महेश भाटी, अशोक भाटी, मुरली गहलोत, सुनील चिंपा, हरिकिशन कुम्हार, हरि सुथार, किशन पुरोहित, किशन दधीच, पवन गुप्ता, माणक भार्गव, घनश्याम, राजेंद्र पुरोहित सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

