निकाय चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा, बूथ सशक्तीकरण और तिरंगा यात्रा पर फोकस
बीकानेर. आगामी निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को भाजपा शहर जिला अध्यक्ष सुमन छाजेड़ की अध्यक्षता में आयोजित शहर जिला भाजपा की मासिक संगठनात्मक बैठक में बूथ सशक्तीकरण, संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक में निकाय चुनाव को प्रमुख एजेंडा बनाते हुए प्रत्येक बूथ को मजबूत करने की रणनीति तैयार की गई। जिला अध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक बूथ तक पहुंचाना है। इसके लिए “मेरा बूथ, सबसे मजबूत” अभियान के तहत कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि बीकानेर पूर्व और पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों में वार्डवार संगठनात्मक टीमों का गठन भी किया जाएगा, जिससे चुनावी तैयारियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
बैठक में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली कलश यात्रा की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। साथ ही मुख्यमंत्री के प्रस्तावित बीकानेर दौरे और घर-घर तिरंगा अभियान के तहत निकाली जाने वाली तिरंगा यात्रा की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई।
निर्णय लिया गया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों से अलग-अलग तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी, जो एक निर्धारित स्थान पर त्रिवेणी संगम की तर्ज पर एकत्रित होंगी। इसके बाद सभी यात्राएं संयुक्त रूप से आगे बढ़ेंगी और तय स्थल पर उनका समापन किया जाएगा। पार्टी पदाधिकारियों का मानना है कि इस आयोजन से राष्ट्रभक्ति का संदेश देने के साथ संगठन की एकजुटता भी प्रदर्शित होगी।
बैठक में संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने पर भी जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने निकाय चुनाव से पहले बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाने के लिए नियमित संपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री एडवोकेट कौशल शर्मा ने किया।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सत्यप्रकाश आचार्य, जिला महामंत्री श्याम सिंह हाड़ला, जिला उपाध्यक्ष मोतीलाल हर्ष, दीपक पारीक, भूपेंद्र शर्मा, सरिता नाहटा, जिला मंत्री धर्मेंद्र सिंह सोलंकी, सुनीता हटीला, झमकू देवी, किशन चौधरी, तरुण स्वामी, रामचंद्र सोनी, सुमन कंवर शेखावत, जिला कोषाध्यक्ष गोपाल अग्रवाल, मंजुषा भास्कर, राम कुमार व्यास, प्रवक्ता जोगेंद्र शर्मा, मुकेश शर्मा, विनोद धवल, दुष्यंत तंवर, मोर्चा अध्यक्ष राजाराम सिंगड़, सुभाष वाल्मीकि, वेद व्यास, शिखर चंद डागा, उपासना जैन, अंकुश चोपड़ा, हरीश भोजक, मंडल अध्यक्ष प्रकाश मेघवाल, मुकेश सैनी, धर्मपाल डूडी, प्रेम गहलोत, आशा आचार्य, विशाल गोलछा, दिनेश चौहान, कपिल शर्मा, मुकेश बन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

