नगर निगम चुनाव 2026: बीकानेर के 80 वार्डों का आरक्षण तय, तस्वीर हुई साफ, अब दावेदारों की नजर टिकट पर
बीकानेर. नगर निगम चुनाव 2026 को लेकर बीकानेर में वार्ड आरक्षण की तस्वीर अब साफ हो गई है। जिला प्रशासन की ओर से सोमवार, 17 अगस्त को नगर निगम के 80 वार्डों के लिए आरक्षण निर्धारण की प्रक्रिया पूरी की गई। आरक्षण तय होने के साथ ही पार्षद पद के दावेदारों की चुनावी तैयारियों को भी नई दिशा मिल गई है।
जिला कलक्टर निशान्त जैन के निर्देशन में हुई प्रक्रिया में अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और महिलाओं सहित विभिन्न श्रेणियों के लिए वार्डों का आरक्षण निर्धारित किया गया। बीकानेर नगर निगम में कुल 80 वार्ड हैं।
9 वार्ड अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित
नगर निगम के 9 वार्ड अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किए गए हैं। इनका निर्धारण 2011 की जनगणना में वार्डवार अनुसूचित जाति की आबादी के प्रतिशत के आधार पर किया गया है। सबसे अधिक SC आबादी वाले वार्ड को प्राथमिकता देते हुए घटते क्रम में 9 वार्ड चिन्हित किए गए।
अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित वार्डों में वार्ड 9, 77, 71, 33, 4, 45, 48, 16 और 5 शामिल हैं।
इनमें वार्ड 9 में अनुसूचित जाति की आबादी 65.98 प्रतिशत है, जो सभी वार्डों में सर्वाधिक है। इसके बाद वार्ड 77 में 40.14 प्रतिशत, वार्ड 71 में 37.50 प्रतिशत और वार्ड 33 में 36.19 प्रतिशत SC आबादी दर्ज की गई है।
वार्ड 9 में सबसे अधिक SC आबादी
आरक्षण के लिए चिन्हित वार्डों में वार्ड 9 सबसे ऊपर रहा। यहां कुल 8433 की आबादी में 5564 लोग अनुसूचित जाति वर्ग से हैं। इसके बाद वार्ड 77 में 7538 की कुल आबादी में 3026 SC आबादी है। वार्ड 71 में 8767 में से 3288 और वार्ड 33 में 8015 में से 2901 आबादी अनुसूचित जाति की है।
OBC और महिला आरक्षण से भी बदलेगा चुनावी समीकरण
नगर निगम के बाकी वार्डों में अन्य पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग और महिला आरक्षण का निर्धारण भी किया गया है। उपलब्ध आरक्षण विवरण के अनुसार नगर निगम में OBC के 16 वार्ड तथा सामान्य वर्ग के 55 वार्ड निर्धारित किए गए हैं। संबंधित श्रेणियों में महिला आरक्षण भी लागू किया गया है।
इस आरक्षण के बाद कई वार्डों में लंबे समय से चुनाव की तैयारी कर रहे संभावित प्रत्याशियों का समीकरण बदल गया है। अब दावेदार अपने वार्ड की नई आरक्षण श्रेणी के अनुसार चुनावी रणनीति बनाने में जुटेंगे।
नए परिसीमन के कारण नए सिरे से हुआ आरक्षण
जिला प्रशासन के कार्यवाही प्रतिवेदन के अनुसार नगर निगम बीकानेर के सभी 80 वार्ड पुनर्गठन और पुनर्सीमांकन की प्रक्रिया में शामिल किए गए हैं। वार्डों की आंतरिक सीमाओं में परिवर्तन होने के कारण सभी वर्गों में आरक्षण की प्रक्रिया नए सिरे से संपादित की गई।
राजस्थान में 17 अगस्त को विभिन्न नगरीय निकायों के वार्डों के आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया आयोजित की गई, जिससे आगामी निकाय चुनावों के लिए वार्डवार चुनावी तस्वीर स्पष्ट हो रही है।

