बीकानेर में तीन दिन जुटेंगे देश-विदेश के उद्योगपति और निवेशक, राजपूताना बिजनेस नेटवर्क का ग्रैंड कॉन्क्लेव 21 से
बीकानेर. बीकानेर अगले तीन दिनों तक देश-विदेश के उद्योगपतियों, उद्यमियों, निवेशकों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के बीच बिजनेस नेटवर्किंग और नए कारोबारी अवसरों पर मंथन का केंद्र बनेगा। अखंड राजपूताना सेवासंघ के सौजन्य एवं अखंड राजपूताना सेवा संघ सोशल फाउंडेशन के सहयोग से राजपूताना बिजनेस नेटवर्क 2026 का तीन दिवसीय ग्रैंड राजपूताना कॉन्क्लेव 21 से 23 अगस्त तक लालगढ़ पैलेस के ऐतिहासिक दरबार हॉल में आयोजित होगा। कॉन्क्लेव की थीम ‘फ्रॉम डायलॉग टू एक्शन, फ्रॉम विजन टू इंपैक्ट’ रखी गई है।
राजपूताना बिजनेस नेटवर्क के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर आर.पी. सिंह दुर्गवंश ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि कॉन्क्लेव में देश-विदेश से नीति-निर्माता, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, उद्योगपति, उद्यमी, निवेशक, महिला नेतृत्वकर्ता, शिक्षाविद् और सामाजिक क्षेत्र के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसका उद्देश्य अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों को एक मंच पर लाकर संवाद को कारोबारी साझेदारी और ठोस कार्ययोजना में बदलना है।
पहले दिन ग्लोबल बिजनेस से महिला उद्यमिता तक चर्चा
कॉन्क्लेव का उद्घाटन शुक्रवार, 21 अगस्त को दोपहर 3 बजे होगा। पहले दिन राष्ट्र निर्माण, शासन और नीतिगत दिशा पर चर्चा के बाद अंतरराष्ट्रीय बिजनेस एवं ग्लोबल कनेक्ट, रियल एस्टेट, मैन्युफैक्चरिंग और महिला उद्यमिता जैसे विषयों पर अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे। शाम को दरबार हॉल में रॉयल कल्चरल इवनिंग होगी।
दूसरे दिन निवेश-स्टार्टअप पर मंथन, शाम को रॉयल फैशन शो
शनिवार, 22 अगस्त को इंफ्रास्ट्रक्चर, रियल एस्टेट, माइनिंग, निवेश, टेक्नोलॉजी, सेल्स, मार्केटिंग और डिस्ट्रीब्यूशन पर चर्चा होगी। इसके साथ राजनीतिक नेतृत्व एवं आर्थिक नीति, उद्योग और रोजगार, महिला आर्थिक सशक्तिकरण, स्टार्टअप, ग्लोबल ट्रेड एवं इनोवेशन तथा सोशल इम्पैक्ट पर विशेष सत्र रखे गए हैं।
शाम को राजपूताना अचीवर्स अवॉर्ड, म्यूजिक नाइट और रॉयल फैशन शो कॉन्क्लेव के प्रमुख आकर्षण होंगे।
अंतिम दिन तैयार होगा भविष्य का रोडमैप
23 अगस्त को ‘फ्यूचर रोडमैप एंड एक्शन प्लान’ पर राउंड टेबल होगी। इसकी अध्यक्षता ठाकुर आर.पी. सिंह दुर्गवंश करेंगे। तीन दिनों के दौरान सामने आए विचारों, निवेश और कारोबारी अवसरों को ठोस कार्ययोजना में बदलने पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद कोर टीम की बैठक और समापन समारोह होगा। इसमें अगली कॉन्फ्रेंस के मेजबान शहर और संभावित तारीख की घोषणा भी की जाएगी।
‘जॉब सीकर नहीं, जॉब प्रोवाइडर’ पर फोकस
कॉन्क्लेव में अखंड राजपूताना सेवासंघ की वर्ष 2015-16 से 2024-25 तक की सामाजिक सेवा गतिविधियों की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाएगी। संगठन के मुताबिक शिक्षा, स्वास्थ्य, विवाह सहायता, महिला सशक्तिकरण और दिव्यांगजनों की सहायता सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्य किए गए हैं। कोविड काल में भी जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक और खाद्य सहायता उपलब्ध कराई गई थी।

