बीकानेर नगर निगम के लिए BJP का ‘मिशन जीत’ शुरू, बूथ मजबूत करने से लेकर घर-घर पहुंचने की बनी रणनीति
बीकानेर. नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अब बूथ से लेकर वार्ड स्तर तक संगठन को मजबूत करने के साथ केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाएगी। शुक्रवार को भाजपा संभाग कार्यालय में हुई शहर जिला भाजपा की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में नगर निगम चुनाव की रणनीति पर मंथन किया गया। बैठक में कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने और प्रत्येक बूथ पर मजबूत टीम तैयार करने का संदेश दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा शहर जिला अध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने की। नगर निगम चुनाव में संगठनात्मक तैयारियों, बूथ मैनेजमेंट, वार्ड स्तर पर सक्रियता और मतदाताओं तक पहुंचने की रणनीति को लेकर पार्टी पदाधिकारियों ने चर्चा की।
बूथ मजबूत करने पर रहेगा फोकस
मुख्य वक्ता रवींद्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि नगर निगम चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं को पूरी ऊर्जा और एकजुटता के साथ मैदान में उतरना होगा। संगठन की असली ताकत कार्यकर्ता हैं और उनकी मेहनत से ही भाजपा नगर निगम में मजबूत जनादेश हासिल करने का प्रयास करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रदेश महामंत्री एवं संगठन संभाग प्रभारी मिथिलेश गौतम ने कहा कि नगर निगम चुनाव संगठन की सामूहिक शक्ति और कार्यकर्ताओं की सक्रियता की परीक्षा है। प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करे और पार्टी की विचारधारा के साथ सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाए।
वार्डों में जनता के बीच उतरेंगे कार्यकर्ता
पूर्व राज्यसभा सांसद एवं निकाय प्रभारी राजेंद्र गहलोत ने कहा कि निकाय चुनाव स्थानीय स्तर पर जनता से सीधे जुड़ने का अवसर हैं। कार्यकर्ताओं को वार्ड स्तर पर लोगों के बीच जाकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी देनी होगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने संगठन की मजबूती को चुनाव में पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी बताया। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर मजबूत टीम, पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय और सक्रिय कार्यकर्ताओं के माध्यम से चुनावी तैयारियों को गति देने की बात कही।
लक्ष्य- नगर निगम चुनाव में बड़ी जीत
जिला अध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने कार्यकर्ताओं से एकजुटता, समर्पण और सक्रियता के साथ चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के बल पर पार्टी नगर निगम चुनाव में ऐतिहासिक सफलता हासिल करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ेगी।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री श्याम सिंह हाडला ने किया। जिला मीडिया संयोजक कमल गहलोत ने बताया कि बैठक में जीव-जंतु बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत विश्नोई, बिहारी लाल बिश्नोई, जिला प्रभारी देवेंद्र पारीक, सह प्रभारी राजेश तनेजा, महावीर सैनी, गोपाल गहलोत, सत्यप्रकाश आचार्य, पूर्व अध्यक्ष विजय आचार्य, सुशीला कंवर राजपुरोहित, महावीर रांका, नारायण चोपड़ा, रमजान अब्बासी, सुरेंद्र सिंह शेखावत, जितेंद्र राजवी, बाबूलाल गहलोत, संपत पारीक, दिलीप पुरी सहित पार्टी के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

