पुष्करणा दिवस पर शिक्षाविदों सहित चार प्रतिभाओं का सम्मान, नारायण दास व्यास को मिला ‘पंच परमेश्वर सम्मान’
Bikaner News

पुष्करणा दिवस पर शिक्षाविदों सहित चार प्रतिभाओं का सम्मान, नारायण दास व्यास को मिला ‘पंच परमेश्वर सम्मान’

Aug 26, 2026

 

बीकानेर. पुष्करणा दिवस के अवसर पर द पुष्करणाज फाउंडेशन की ओर से शिक्षा, साहित्य, जनसंपर्क और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम बेसिक इंग्लिश स्कूल एवं राजकीय डूंगर महाविद्यालय में आयोजित हुए।

 

 

समारोह में नारायण दास व्यास को ‘पंच परमेश्वर सम्मान’ प्रदान किया गया। यह सम्मान कीकाणी व्यास पंचायती ट्रस्ट और पुष्करणा सावा समिति के सहयोग से दिया गया। उनके अभिनंदन पत्र का वाचन हरिनारायण आचार्य ने किया।

 

 

राजकीय डूंगर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र पुरोहित और सिस्टर निवेदिता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रितेश व्यास को ‘शिक्षाविद् मानद उपाधि सम्मान’ से सम्मानित किया गया। दोनों शिक्षाविदों के अभिनंदन पत्र का वाचन कृष्णचंद पुरोहित ने किया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक डॉ. हरिशंकर आचार्य को ‘साहित्य एवं जनसंपर्ककर्मी सम्मान’ प्रदान किया गया। उनके अभिनंदन पत्र का वाचन साहित्यकार बृजरतन जोशी ने किया।

 

 

 

समारोह के मुख्य अतिथि एवं फाउंडेशन के राष्ट्रीय संयोजक गोपीकिशन छंगाणी ने कहा कि समाज की प्रगति में शिक्षा, साहित्य, संस्कृति और सामाजिक सेवा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। प्रतिभाओं का सम्मान नई पीढ़ी को बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।

 

 

विशिष्ट अतिथि शिक्षाविद् राजेश रंगा ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज निर्माण का मजबूत आधार है। अतिविशिष्ट अतिथि एवं वरिष्ठ व्याख्याता संजय आचार्य ने कहा कि समाज की उपलब्धियों और प्रतिभाओं को सम्मानित करने से सकारात्मक वातावरण बनता है। सामाजिक संस्थाओं को ऐसे आयोजनों को निरंतर आगे बढ़ाना चाहिए।

 

 

समारोह की अध्यक्षता शिवदत्त व्यास ने की। उन्होंने कहा कि समाज की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ शिक्षा, साहित्य और सामाजिक सेवा में योगदान देने वालों का सम्मान करना सामूहिक दायित्व है। कार्यक्रम का संचालन हरिनारायण आचार्य ने किया और मोहित पुरोहित ने आभार जताया।

 

 

इस अवसर पर विमल किशोर व्यास, अशोक उपाध्याय, विष्णुदत्त पुरोहित, महेंद्र आचार्य, शशिकांत आचार्य, मदनमोहन ओझा, शिवकुमार उपाध्याय, आदित्य पुरोहित, चंद्रमोहन व्यास, गणेशमोहन व्यास, कृष्णकांत पुरोहित, जुगल पुरोहित, कपिल पुरोहित, उमेश पुरोहित, श्यामसुंदर किराडू, बिंदु रंगा, केशव आचार्य, धर्मेंद्र छंगाणी, राकेश किराडू और विजय कुमार पुरोहित सहित समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।