तीन मांगों को लेकर लामबंद हुए रिटायर्ड बैंककर्मी, आंदोलन की बनाई रणनीति
बीकानेर. बैंक ऑफ राजस्थान रिटायर्ड स्टाफ सोसायटी के बीकानेर चैप्टर की बैठक होटल दर्शना डाइनिंग में आयोजित हुई। इसमें बीकानेर डिवीजन के सेवानिवृत्त बैंककर्मियों ने भाग लिया। बैठक में फैमिली पेंशन, आजीवन चिकित्सा सुविधा और पेंशन अपडेशन से जुड़ी लंबे समय से लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सोसायटी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं बीकानेर डिवीजन अध्यक्ष रमेश गुप्ता ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित मामलों के समाधान के लिए अब संसदीय समिति के माध्यम से प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। मांगों को लेकर रिजर्व बैंक सहित संबंधित उच्च अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे जाएंगे, ताकि आईसीआईसीआई बैंक में लंबित इन मामलों का जल्द समाधान हो सके।
बीकानेर डिवीजन सचिव सुरेंद्र सिंह नाथावत ने आईसीआईसीआई बैंक प्रबंधन पर दबाव बनाने की रणनीति साझा की। उन्होंने संबंधित प्रावधानों के आधार पर प्रस्तावित आंदोलन की जानकारी देते हुए संगठन की आगामी कार्ययोजना सदस्यों के सामने रखी।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने तीनों मांगों को लेकर एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया। सदस्यों ने कहा कि मांगों के समाधान के लिए संगठन की ओर से किए जाने वाले आंदोलन और आगामी कार्यक्रमों में वे पूर्ण सहयोग देंगे। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने और भावी कार्यक्रमों के संबंध में भी कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

