प्रचार का अनोखा अंदाज, वोटरों को चुनाव चिन्ह ‘बांसुरी’ बांटकर मांग रहे वोट
Bikaner News

प्रचार का अनोखा अंदाज, वोटरों को चुनाव चिन्ह ‘बांसुरी’ बांटकर मांग रहे वोट

Sep 6, 2026

बीकानेर. नगर निगम चुनाव को लेकर शहर में प्रचार अभियान जोर पकड़ चुका है। प्रत्याशी मतदाताओं का ध्यान आकर्षित करने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। रविवार को वार्ड संख्या 52 में चुनाव प्रचार का अनोखा अंदाज देखने को मिला, जहां निर्दलीय प्रत्याशी नरेंद्र सिंह अपने चुनाव चिन्ह ‘बांसुरी’ के साथ घर-घर जनसंपर्क करते नजर आए।

 

 

जनसंपर्क के दौरान नरेंद्र सिंह और उनके समर्थकों ने मतदाताओं को पंपलेट के साथ बांसुरी भी वितरित की। प्रचार को प्रभावी और यादगार बनाने के लिए प्रत्याशी ने बड़ी संख्या में बांसुरियां खरीदी हैं, जिन्हें वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर बांटा जा रहा है।

 

 

इस दौरान समर्थक गलियों और मोहल्लों में बांसुरी बजाते हुए आगे बढ़े, जिससे चुनावी प्रचार का माहौल अलग ही नजर आया। प्रत्याशी ने मतदाताओं से अपने चुनाव चिन्ह ‘बांसुरी’ को याद रखने और मतदान के दिन उनके पक्ष में वोट देने की अपील की।

 

 

वार्ड में बांसुरी बांटकर किए जा रहे इस प्रचार की स्थानीय लोगों के बीच चर्चा हो रही है। वहीं, नगर निगम चुनाव नजदीक आने के साथ प्रत्याशियों के बीच प्रचार के नए और अनोखे तरीके अपनाने की होड़ भी तेज होती दिखाई दे रही है।